दुर्ग

डंडे से पीटकर युवक की हत्या, नाबालिग गिरफ्तार
10-May-2025 5:09 PM
डंडे से पीटकर युवक की हत्या, नाबालिग गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 मई।
अहिवारा विधानसभा के ग्राम मुड़पार में एक नाबालिग ने 40 साल के युवक पर लाठी डंडे से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। उस युवक ने पुरानी रंजिश को दूर करने के उद्देश्य से  नाबालिग को समझाने के लिए बुलाया था। इसी दौरान  गुरुवार की रात लगभग 11.30 बजे घर के पास ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और गुस्से में आए नाबालिग ने लाठी से पीट-पीट कर उस युवक की जान ले ली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर जामुल थाना पुलिस पहुंची और जांच प्रारंभ की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ कर दिया है।

 

जानकारी के मुताबिक युवक और नाबालिग का किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मुड़पार गांव के रहने वाले सचिन यादव (40 वर्ष) विवाद को सुलझाने के लिए नाबालिग को बुलाया था। नाबालिग अपने भतीजे के साथ रात को पहुंचा। दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढऩे लगा। इस पर सचिन ने पहले नाबालिग पर लाठी से वार किया। मौका पाते ही नाबालिग ने लाठी छीनकर सचिन के सिर पर वार कर दिया, जिससे सचिन को सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटे आई और उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी मिलती ही मौके पर पुलिस पहुंची। सचिन यादव ड्राइवर था और गांव में बैगा के रूप में भी प्रसिद्ध था। नगर पुलिस अधीक्षक हरीश पाटिल ने बताया कि पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है। सचिन की हत्या लाठी एवं डंडे से की गई है। लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में पता चला है कि दोनों के बीच काफी समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट