दुर्ग
दुर्ग, 11 सितंबर। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के बाद बैराजो में बढ़ते जल की आवक को देखते हुए राजनांदगांव जिले के बैराजों से शिवनाथ नदी में कुल 21000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे महमरा एनीकट के ढाई फीट ऊपर से पानी का बहाव हो रहा है। आज सुबह तक ही जिले में 33 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार सुबह तक सबसे ज्यादा दुर्ग विकासखंड में 68 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई वही धमधा में 25।4 तथा पाटन में 6 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी थी। इस प्रकार जिले में अब तक कुल 848ण्1 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है, जो कि सामान्य औसत वर्षा 852।1 मिली मीटर से मात्र 4 मिलीमीटर कम है। दुर्ग विकासखंड में सामान्य से अधिक औसत वर्षा हो चुकी है।
आज की तिथि तक दुर्ग विकासखंड में कुल 916 मिलीमीटर औसत वर्षा हो चुकी है जो कि क्षेत्र के सामान्य औसत वर्षा 889।5 मिलीमीटर से अधिक है दिन में कुछ घंटे धूप खिलने के बाद शाम से जिले के कई क्षेत्रों में पुन: बारिश शुरू हो गई समाचार लिखे जाने तक बूंदाबांदी जारी थी।
तांदुला जल संसाधन विभाग के सुरेश पांडे के अनुसार विभिन्न जलाशयों के कैचमेंट एरिया में भी अच्छी बारिश हो रही है। राजनांदगांव जिले के विभिन्न बैराजों में लगभग शत-प्रतिशत जलभराव हो चुका है। वही बैराजों में अभी भी लगातार पानी का आवक जारी है। राजनांदगांव जिले के मोगरा जलाशय में 90, सूखा नाला 100,घुमरिया 95 एवं खातूटोला बैराज में 90 प्रतिशत जलभराव हो चुका है।
इन बैराजों में लगातार पानी की आवक को देखते हुए मोगरा एवं सूखानाला से 8 -8 हजार, घुमरिया से 2600 एवं खातू टोला से 2400 क्यूसेक पानी शिवनाथ नदी में छोड़ा जा रहा है। जल संसाधन विभाग के एसडीओ ललित कोरी के अनुसार राजनांदगांव से छोड़ा गया पानी का बहाव शनिवार तक दुर्ग पहुंचने की संभावना इसके बाद जिले में शिवनाथ का जल स्तर और बढ़ेगा।


