धमतरी

सीएम पोर्टल पर हुई कुरूद क्षेत्र के पंचायतों की शिकायत
04-Aug-2026 4:00 PM
सीएम पोर्टल पर हुई कुरूद क्षेत्र  के पंचायतों की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

कुरुद, 4 अगस्त। कुरूद विकासखंड के विभिन्न पंचायतों के काम-काज से निराश ग्रामीणों ने सीधे सीएम हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कर समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई है। इन शिकायतों से संबंधित पंचायत और जनपद की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है।

 धमतरी जिला के कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मरौद के आत्माराम सिन्हा ने सीएम हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कर ग्रामीण क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई न होने और गंदे पानी के जमाव के कारण बीमारी फैलने की आशंका व्यक्त की है। नरेश यादव वार्ड 1 से 20 तक सडक़ किनारे प्लास्टिक अपशिष्ट और कचरे से नाली के पटने तथा साफ-सफाई न होने से दुर्गंध आने की शिकायत की है।

 ग्राम पंचायत मुरा ओमप्रकाश ने नल जल योजना के तहत गंदा पानी नालियों के माध्यम से खेतों में जाने, नालियों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने और कचरा जमा होने की शिकायत की है।

ग्राम पंचायत सिर्वे ड्रोन कुमार साहू ने अपनी शिकायत में सरपंच द्वारा स्कूल बाउंड्री के अंदर कच्ची नाली का निर्माण करने से दुर्गंध, बीमारी की समस्या होने तथा नाली हटाने को कहने पर विवाद करने की बात कही है।

ग्राम पंचायत सिलौटी के एक व्यक्ति ने नियमित साफ-सफाई न होने और पूरे ग्राम में गंदे पानी के जमाव से बीमारी फैलने की आशंका जताई है। इसी तरह ग्राम पंचायत जोरातराई के महेंद्र साहू ने नलजल योजना के तहत नया कनेक्शन नहीं मिलने और पानी सप्लाई न होने के संबंध में मुख्यमंत्री से शिकायत की है।

इस संबंध में जनपद अध्यक्ष गितेश्वरी साहू का कहना है कि संबंधित पंचायतों को उपरोक्त समस्या सुलझाने का निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इसका निराकरण कर लिया जाएगा। जबकि कुरूद ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष हरिशंकर साहू का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन नंबर पर की गई अधिकांश शिकायत वर्षा आधारित साफ सफाई से जुड़ी हुई है, लेकिन सभी पंचायतों में फंड की कमी एक बड़ी समस्या है। इसके चलते सरपंच बुनियादी सुविधाओं के लिए भी काम नहीं कर पा रहे हैं।


अन्य पोस्ट