धमतरी

छापा: दो दिन में 952 बोरा धान जब्त
16-Nov-2026 7:56 PM
छापा: दो दिन में 952 बोरा धान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 16 नवंबर। धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी-बिक्री पर अंकुश लगाने जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। अवैध धान के कारोबार में संलिप्त बिचौलियों एवं कोचियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 952 बोरा अवैध धान जब्त किया जा चुका है।

राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने 15 एवं 16 नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की है। ग्राम घुटकेल में 147 बोरा, उमरगांव में 300 बोरा, ग्राम सांकरा में 150 बोरा, बनरौद नाका में 300 बोरा तथा अरौद में 55 बोरा धान जब्त किया गया है। इस तरह दो दिनों में कुल 952 बोरा अवैध धान जब्त किया जा चुका है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण किसान हितैषी व्यवस्था है। इसका लाभ केवल पात्र एवं वास्तविक किसानों तक पहुंचे, इसके लिए बाहरी अथवा अवैध धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


अन्य पोस्ट