धमतरी
भखारा में जिला स्तर दीपावली मिलन समारोह आयोजित, भाजपा-कांग्रेस के नेताओं ने मिलर्स से किया संवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 23 नवंबर। कुरुद राइस मिल एसोसिएशन की ओर से भखारा में जिला स्तरीय दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धमतरी जिले के राइस मिल उद्योग और उससे जुड़े कारोबारियों के साथ भाजपा एवं कांग्रेस के जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मिलर्स ने अपनी समस्याएं रखते हुए राज्य सरकार से उनके निराकरण की मांग की। वहीं, जनप्रतिनिधियों ने औद्योगिक विकास, रोजगार के अवसर और नई तकनीक अपनाने पर विचार रखे।
कुरुद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भखारा में आयोजित इस कार्यक्रम में राइस मिल संचालकों के अलावा ब्रोकर, ट्रेडर्स और आढ़त कारोबार से जुड़े लोगों ने भाग लिया। दीपावली की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के बाद मंचीय कार्यक्रम हुआ।
नई तकनीक और निर्यात पर जोर
कुरुद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर ने अपने संबोधन में दिल्ली में आयोजित फिक्की के एक कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि राइस मिल उद्योग को केवल सरकारी नीतियों और व्यवस्थाओं पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने मिलर्स को एआई आधारित तकनीक अपनाने और निर्यात की गुणवत्ता के अनुरूप उत्पादन क्षमता विकसित करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि बगौद फूड पार्क, कन्हारपुरी, जामगांव और करेली सहित क्षेत्र के कुछ स्थानों पर औद्योगिक गतिविधियों के लिए स्थल चिन्हित हैं। इनका उपयोग कर उद्योगों का विस्तार किया जा सकता है।
चंद्राकर ने विशाखापट्टनम रोड से कुरुद को जोडऩे के लिए प्रस्तावित लिंक रोड का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इस सडक़ के निर्माण से कुरुद को लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की संभावनाएं थीं।
इस परियोजना के संबंध में उन्होंने आरोप लगाया कि मुआवजे से जुड़े जमीन कारोबारियों के विवाद और कुछ विपक्षी नेताओं की ओर से दिल्ली में की गई शिकायतों के कारण परियोजना प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी केंद्रीय नेताओं को देने के बाद उन्होंने स्वयं को इस प्रकरण से अलग कर लिया। इस संबंध में अन्य संबंधित पक्षों का पक्ष सामने नहीं आया है।
बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया
कांग्रेस के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने अपने संबोधन में अजय चंद्राकर को केंद्र की राजनीति में जाने की सलाह दी। उन्होंने जिले के राइस मिलर्स की बकाया राशि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार से भुगतान दिलाने के लिए विधायक को अपनी राजनीतिक क्षमता का उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में धमतरी विधायक ओंकार साहू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चन्द्राकार, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति जैन, जिला पंचायत सदस्य नीलम चन्द्राकर, मोहन लालवानी, विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, अनिल चन्द्राकार, राहुल महावर, नवीन सांखला, राजेश गोलछा, हितेन्द्र केला, सुनील अग्रवाल, विजय केला, पदमचंद पारख, विकास चोपड़ा, सुरेश महावर, दीपक गांधी, अभिषेक अग्रवाल और वीरेंद्र जैन सहित राइस मिलर्स एवं अन्य कारोबारी उपस्थित थे।