धमतरी

व्रतियों को इस बार चांद ने खूब तरसाया
11-Oct-2025 6:56 PM
व्रतियों को इस बार चांद ने खूब तरसाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 11 अक्टूबर। पति के प्रति प्रेम, समर्पण का प्रतीक करवाचौथ हर्षोल्लास से मनाया गया। सुबह महिलाओं ने पति के दीर्घायु जीवन की कामना में निर्जला उपवास रखा। रात को सोलह श्रृंगार कर छत पर आसमान में चांद का दीदार कर हमसफऱ की पूजा अर्चना कर व्रत तोड़ा।

हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर करवा चौथ का व्रत रखा जाता है। जिसमें निर्जला व्रत और चंद्रमा का दर्शन कर अर्ध्य देने का खास महत्व होता है। विधायक की अर्धांगिनी प्रतिभा- अजय चन्द्राकर ने राजधानी में करवां चौथ का व्रत रखा। इस बार बदली ने चांद को कई घंटे छिपाए रखा। रात नौ बजे आसमान में चांद चमका तब उन्होंने पति के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना कर उपवास तोड़ा।

नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति-भानु चंद्राकर ने सनातन धर्म का पालन करते हुए करवाचौथ का कठिन व्रत पूरा किया। रात में चन्द्रमा के दर्शन करने के उपरांत पति भानु चन्द्राकर ने जल पिलाकर उनका उपवास खुलवाया। पूर्व जिला पंचायत सभापति एवं पीसीसी सेक्रेटरी तारणी-नीलम चन्द्राकर ने भी हर साल की तरह अपने जीवन साथी के स्वास्थ्य एवं लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा।

निर्माण क्षेत्र से जुड़े जितेन्द्र अग्रवाल इन दिनों धार्मिक यात्रा में प्रयागराज में हैं, लेकिन यात्रा में होते हुए भी पत्नी प्रीति अग्रवाल ने अपना पत्नी धर्म निभाया। सफर के दौरान उन्होंने करवां चौथ का व्रत रखा और सवा आठ बजे गंगा किनारे पति के हाथों उपवास तोड़ा। अनाज कारोबारी की पत्नी सीमा-रोशन चन्द्राकर ने भी करवाचौथ का व्रत रखा।

कपड़ा व्यवसायी आशीष की पत्नी माही शादीजा ने भी पति, बच्चे एवं परिवार की सलामती के लिए व्रत रखा, और बड़ी मुश्किल से आसमां में निकला सबका और छत पर सामने खड़े अपने चांद का दीदार चलनी की ओट से कर पति के हाथों से व्रत तोड़ा। इसी तरह एसडीओपी रागणी मिश्रा, तहसीलदार दुर्गा साहू ने भी अपने बेटर हॉफ के लिए अपना उपवास पूरा किया। पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष मंजू साहू ने पूर्व मंडी उपाध्यक्ष पति प्रमोद साहू के लिए, अधिवक्ता दंपति ईश्वरी थानेश्वर तारक ने भी एक दूजे के लिए करवां चौथ का व्रत रखा। कांग्रेसी नेता महिम शुक्ला की पत्नी यामिनी शुक्ला ने भी करवाचौथ का व्रत रख पति और परिवार के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।


अन्य पोस्ट