धमतरी

2171 किसानों ने बेचा 11.38 करोड़ का चना
30-May-2025 4:43 PM
2171 किसानों ने बेचा 11.38 करोड़ का चना

31 मई के बाद पोर्टल हो जाएगा बंद, चना बेचने वाले किसानों को मिल रही राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 धमतरी, 30 मई। जिले में चने की खरीदी 3 महीने तक हो रही है। मार्च से चना की खरीदी शुरू हुई, जो अब 31 मई तक होगी। इसके बाद चना खरीदी का पोर्टल बंद हो जाएगा। जिले में अब तक 2171 किसानों ने 11.38 करोड़ रुपए का चना बेचा है। चना बेचने की अंतिम तारीख 31 मई है। इसके बाद किसान चना नहीं बेच पाएंगे। जिले में 8 हजार किसानों ने चना बेचने के लिए पंजीयन कराया था, पर 2 हजार से अधिक किसानों ने ही समितियों में पहुंचकर चना बेचा है।

चना की खरीदी के लिए जिले में 8 केंद्र बनाए गए हैं। लोहरसी, छाती, नगरी, मगरलोड, कुरूद, कातलबोड़, तरसींवा, रामपुर में चना की खरीदी समर्थन मूल्य में हो रही है। सभी केंद्रों में चना की खरीदी जारी है। अधिकांश किसानों ने चना बेच लिए है। केंद्रों में गिनती के किसान ही चना बेचने पहुंच रहे हैं। किसानों ने कुल 11 करोड़ 38 लाख 70 हजार रुपए का चना बेचा है। किसानों को दो महीने तक राशि नहीं मिली थी। अब किसानों को राशि जारी हो रही है। मई से भुगतान शुरू हुआ है।

 

19 क्विंटल हो चुका परिवहन

चना खरीदी के बाद डेढ़ महीने तक उठाव भी नहीं हो पाया था। डेढ़ महीने बाद उठाव शुरू हुआ। जिले में कुल 20154 क्विंटल चना की खरीदी हुई है। इनमें से 19436 क्विंटल चना का उठाव भी कर लिया गया है। नगरी, कातलबोड़ और रामपुर समिति से चना का उठाव पूरा हो गया है। लोहरसी, मगरलोड, कुरूद और तरसींवा में 717 क्विंटल चना बाकी है।

धमतरी जिले में लगातार गिरते भूजल स्तर को ध्यान में रखकर इस गर्मी के सीजन में कई किसानों ने फसल चक्र परिवर्तन अपनाया। किसानों ने धान के बदले अन्य फसल जैसे दलहन तिलहन और चना के फसलें लगाईं। ये सभी फसलें कम पानी और लागत में अच्छा मुनाफा दे रहीं हैं। अमलीडीह के किसान भुनेश्वर साहू ने बताया कि चना उत्पादन अच्छा हुआ, पैसा भी सोसायटी के माध्यम से आ गया है। किसान घुरसिंह साहू ने बताया कि पैसे खाते में आ गए हैं, 56 हजार से ज्यादा रुपए मिले हैं।

5650 रुपए में मिल रहा चना

सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी बलरामपुरी गोस्वामी ने बताया कि किसानों से चना खरीदी का भुगतान हो रहा है। चना खरीदी की अंतिम तारीख 31 मई है, शेष बचे हुए किसान समितियों में चना बेच सकते हैं। एक मार्च से 31 मई तक प्रति क्विंटल 5650 रुपए में चना खरीदी हो रही है।

किसानों को दलहन-तिलहन के लिए कर रहे प्रेरित

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले में फसल चक्र परिवर्तन से पानी बचाने और भू-जल स्तर को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों-ग्रामीणों का सहयोग इसमें मिल रहा है। किसानों को धान की फसल में ज्यादा पानी लगने से होने वाले नुकसान को बताया जा रहा है और धान से ज्यादा लाभ देने वाली चना, सरसों, मूंग जैसी दलहन तिलहन की फसलें लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

किसानों को इन फसलों के लिए सरकारी सहायता और खरीदी की भी व्यवस्था की जा रही है।


अन्य पोस्ट