धमतरी
8 बिंदुओं पर चयनित होने पर मिलेगा डेढ़ लाख का पुरस्कार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 23 नवंबर। जिले के सभी 7 आयुष केंद्रों का 8 बिंदुओं पर मूल्यांकन हो रहा है। आयुष कायाकल्प योजना के तहत 22 नवंबर को राज्य की टीम धमतरी पहुंची थी। अफसरों ने केंद्र की सफाई, आगे से निपटने, दवाइयों की उपलब्धता, कचरे का निपटान समेत अन्य बिंदु पर जांच की।
8 बिंदुओं आयुष स्वास्थ्य केंद्र संधारण, स्वच्छता व स्वास्थ्य रक्षा, अपशिष्ट प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, सहायक सेवाएं, स्वच्छता संवर्धन, सेवा गुणवत्ता समीक्षा की। इस रिपोर्ट को राज्य कार्यालय को सौंपेंगी। नंबर अच्छे आने पर केंद्र की टीम धमतरी आएगी।
जिले के सभी केंद्रों को 80 फीसदी से अधिक नंबर मिले हैं, जबकि सिर्फ परसापानी को ही 90 फीसदी से अधिक नंबर मिला है। टीम ने परसापानी में सफाई, पानी, केंद्र की व्यवस्था आदि को लेकर प्रसन्नता जाहिर की।
राज्य की 4 सदस्यीय टीम धमतरी पहुंची। टीम में आयुष की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. किरण तिग्गा, एनसीडी डॉ. पूनम अग्रवाल, डीपीएम डॉ. नीतू वर्मा, डॉ. विश्वास परिवाचक शामिल थे।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुरेंद्र चंद्राकर, नोडल अधिकारी डॉ. गुरुदयाल साहू भी शामिल रहे। टीम ने 21 नवंबर को जिले के परसापानी, नगरी के होम्योपैथिक क्लीनिक, गट्टासिल्ली, आयुष पाली क्लीनिक धमतरी, आयुष विंग जिला अस्पताल, बारना अस्पताल और थेरेपी सेंटर कुरूद का निरीक्षण किया। शुक्रवार को जिला अस्पताल के आयुष विंग का निरीक्षण कर मूल्यांकन किया।
नोडल अधिकारी डॉ. गुरुदयाल साहू ने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत 3 केटेगरी में पुरस्कार मिलेगा। पहले केटेगरी में 1.50 लाख रुपए मिलेगा। दूसरे में एक लाख और तीसरे में 75 हजार रुपए पुरस्कार दिए जाएंगे। केंद्र की टीम निरीक्षण करेगी इसके बाद भी परिणाम घोषित होंगे। राज्य की टीम ने सभी केंद्रों का मूल्यांकन किया गया है। परसापानी का अस्पताल बेहतर पाया गया। यहां अच्छी सेवाएं लोगों को दी जा रही है।


