धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 22 नवंबर। जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर दल द्वारा लगातार निगाह रखी जा रही है। उपार्जन केन्द्र तरसींवा में गठित निगरानी समिति ने निरीक्षण किया। धान उपार्जन केन्द्र तरसींवा में किसान गोपीचंद साहू द्वारा लाए गए धान का परीक्षण किया गया, जिसमें मिक्स किस्म का पुराना धान लाना पाया गया। मौके पर उपस्थित पंचों के समक्ष जांच में किसान गोपीचंद ने अपने स्वैच्छिक कथन में बताया कि उनका ग्राम रांवा में कुल 6 खसरों में 1.75 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसका पंजीयन उपार्जन केंद्र तरसींवा में किया है। उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों द्वारा किसान के सभी खसरों का मुआयना किया गया, जिसमें सिर्फ एक खसरे (984/1) रकबा 0.73 हेक्टेयर पर ही धान की कटाई एवं मिंजाई होना पाया गया। बाकी खसरों पर खेत में धान होना पाया गया।
कृषक के खसरा क्रमांक 984/1 रकबा 0.73 हेक्टेयर में धान बेचने की पात्रता 38.32 क्विंटल की है। चूंकि 21 नवंबर को जारी टोकन में 90.80 क्विंटल धान का विक्रय किया जाना था। खाद्य अधिकारी ने बताया कि किसान गोपीचंद द्वारा रांवा के धान कोचिया देवेन्द्र कुमार के साथ मिलीभगत कर शेष धान की मात्रा 52.48 क्विंटल (मिक्स किस्म का पुराना धान) को उपार्जन केन्द्र में लाकर खपाने की कोशिश की गई। कोचिया के धान को किसान गोपीचंद साहू द्वारा अपने टोकन में फर्जी तरीके से बिक्री करते पाए जाने पर बिक्री हेतु लाए गए 90.80 क्विंटल धान को उपार्जन केन्द्र तरसींवा में गठित निगरानी समिति के सदस्यों द्वारा जब्ती की कार्रवाई की। कार्रवाई में बसंती नेताम, चंद्रकला साहू, विकास कुमार साहू, तोषी भूआर्य उपस्थित रहे।
अब तक 11410 किसानों से 4.88 लाख क्विंटल धान खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के तहत जिले के 100 उपार्जन केन्द्रों में बीते 14 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन किया जा रहा है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 11 हजार 410 पंजीकृत किसानों से कुल 4 लाख 88 हजार 893 क्विंटल 60 किलोग्राम धान का उपार्जन किया गया है। 22 नवंबर को धान खरीदी के लिए 2 हजार 360 किसानों का टोकन 1 लाख 8 हजार 38 क्विंटल धान खरीदी हेतु जारी किया गया है।


