धमतरी

केन्द्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने निकाली मशाल रैली
03-Feb-2024 3:08 PM
केन्द्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस  ने निकाली मशाल रैली

कुरुद, 3 फरवरी। हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वायदा कर देश की सत्ता में आई मोदी सरकार को उसका वादा याद दिलाने कांग्रेसियों ने मशाल जुलूस निकाल नारे लगाते हुए बेरोजगारों को रोजगार देने की मांग उठाई।

शुक्रवार शाम कांग्रेस भवन से मशाल रैली के साथ पुराना बाजार चौक पहुंचे कांग्रेसी नेता देश में बढ़ती बेरोजग़ारी के ख़िलाफ़ मोदी सरकार के विरोध में युवाओं को रोजग़ार दिलाने ‘न्याय दो रोजग़ार दो’ की नारेबाजी करने लगे।

नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर ने कहा कि हर साल देश के दो करोड़ बेरोजगारों को नौकरियां देने का झांसा देकर दिल्ली की गद्दी में बैठी भाजपा चुनाव पूर्व किया गया अपना वायदा भूल गई है। लोकतंत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से सरकार चलाने की जगह भाजपा देश प्रदेश में धर्म की राजनीति कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी एवं अर्थव्यवस्था को काबू करने में विफल केन्द्र सरकार मंदिर के मुद्दे में लोगों को उलझाए रख फिर से वोट पाने का जुगाड़ में लगी है। भाजपा की कथनी और करनी का फर्क बताने राहुल गांधी न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। स्थानीय स्तर पर हम मशाल जुलूस निकाल सरकार को वायदे याद दिला रहे हैं। 

युकांईयों ने क्षेत्रिय नेतृत्व सहित केंद्र  सरकार के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाज़ी करके विरोध प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर प्रहलाद चन्द्राकर, रमेशर साहू, तपन चन्द्राकर, मनीष साहू, आशीष शर्मा, देवव्रत साहू महिम शुक्ला, भारतभूषण, डुमेश, पुखराज साहू, चुम्मन दीवान, उत्तम साहू, आदि उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट