धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 1 फरवरी। गाँव चलो अभियान एवं शक्ति वंदन योजना की जिला स्तरीय कार्यशाला बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय मे संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि गाँव चलो - घर घर चलो अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग से संपर्क का महाभियान है। इसके अंतर्गत गाँव- गाँव एवं वार्ड- वार्ड में जाकर भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता घर घर जाकर अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचायेंगे और 2024 के आम चुनाव के लिए मोदी जी के पक्ष में वातावरण बनाएंगे।
इस दौरान सभी संस्थाएँ, समूह, गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति सभी से संपर्क करने की कार्ययोजना है। प्रत्येक गाँव में भाजपा का कोई न कोई पदाधिकारी एक दिन का प्रवास करेगा और 24 घंटे जनता के बीच बितायेगा।
जिलाध्यक्ष के रूप में बैठक को संबोधित करते हुए ठाकुर शशि पवार ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रत्येक बूथ में 10 प्रतिशत वोट वृद्धि का होगा और इसके लिए शीर्ष नेतृत्व ने विस्तृत कार्ययोजना बनाई है। गाँव चलो अभियान, शक्ति वंदन योजना, नमो एप, रामलला दर्शन, नव मतदाता सम्मेलन सहित अनेक आयोजन करेगी। संगठन की सभी इकाइयों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गयी है और सभी अपने अपने प्रभार क्षेत्र में प्रमाणिकता के साथ काम करेंगे।
शक्ति वंदन योजना के जिला संयोजक के रूप में प्रकाश बैस ने कहा कि इसके अंतर्गत स्व सहायता समूहों की महिलाएं, नव महिला मतदाता, कामकाजी महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित प्रत्येक वर्ग की महिलाओं से संपर्क का कार्यक्रम होगा। इसके लिये जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर पर समितियाँ बनाई जा रही है।
बैठक के अंत में नक्सल हमले में शहीद जवानों को मौन श्रद्धांजलि दी गयी। जिला महामंत्री कविंद्र जैन ने कहा कि ऐसे वीर जवानों की वजह से ही देश और प्रदेश सुरक्षित है, उन वीर जवानों की शहादत व्यर्थ नही जायेगी। बैठक में मुख्य रूप से कमलेश ठोकने, प्रीतेश गांधी, महेंद्र पंडित, नेहरू निषाद, हेमलता शर्मा, चंद्रकला पटेल, श्यामा साहू, अविनाश दुबे, हेमंत माला, दमयंतिन साहू,नरेश सिन्हा, कैलाश सोनकर, सुरेंद्र जोशी, विनोद पांडे उपस्थित थे ।


