धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 30 जनवरी। धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तक समितियों में पंजीकृत सभी किसानों का धान खरीदने सहकारिता विभाग ने कमर कस ली है। पिछले तीन दिनों में क्षेत्र की अधिकांश सोसायटियों ने रोज के निर्धारित मात्रा से तीन गुना अधिक खरीदी कर 94 फीसदी धान क्रय कर लिया हैं। अंतिम तिथि को शत-प्रतिशत लच्छ हासिल करने खुले मैदान में धान खरीदने की व्यवस्था की गई है।
कुरुद क्षेत्र के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की 9 शाखा के तहत 29 समितियों के 33 उपार्जन केन्द्रों में 28 से 30 जनवरी तक रोज के लिए तय मात्रा से तीन गुना अधिक खरीदी कर लक्ष्य साधने का प्रयास किया गया। जिससे अंतिम दिन के लिए 5-6 प्रतिशत ही धान खरीदी करना शेष रह गया है।
कॉपरेटिव बैंक कुरुद शाखा प्रबंधक टिकेंद्र बैस ने बताया कि समिति फड़ में जगह नहीं होने के चलते अंतिम दो दिनों के लिए खेल मेला मैदान में धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। इसी तरह भाठागांव में भी खुले मैदान में धान खरीदा जा रहा है।
दरबा शाखा प्रबंधक दिलिप साहू, मरौद-नरायण परगनिया, कोर्रा-महेन्द्र कश्यप, भखारा-पीपी गोस्वामी, नारी- टीआर सिन्हा, कुरुद- टिकेंद्र बैस से मिली जानकारी अनुसार क्षेत्र की अधिकांश सोसायटियों में काम ठीक चल रहा है।
कुरुद शाखा की चर्रा, भाठागांव, बगौद, सिवनीकला, गाडाडीह, कुरुद समितियों में तथा मरौद ब्रांच की कोडेबोड, अंवरी, चिंवरी में पंजीकृत किसानों की संख्या अधिक होने से खरीदी का दबाव ज्यादा है, इसलिए यहां अतिरिक्त व्यवस्था बनाई गई है। बारदाना एवं तौल कांटा की व्यवस्था कर ली गई है। लेकिन कहीं-कहीं सामने आ रही मेन पावर की कमी को किसानों के सहयोग से दूर किया जा रहा है।
विकासखण्ड सहकारिता विस्तार अधिकारी जितेंद्र नंदा ने बताया कि 28 जनवरी से क्षेत्र की 29 समितियों में धान खरीदी की मात्रा बढ़ाने से हम लच्छ के बेहद करीब पहुंच गए हैं, इसके लिए अतरिक्त बारदाना, स्थान एवं आनलाइन एंट्री का समय बढ़ाया गया है। 31 जनवरी तक सभी किसानों का धान खरीदने की पुरी तैयारी प्रशासन कर रखी है।


