धमतरी

विधायक को गृह वार्ड में मिली लीड, बूथ अध्यक्ष सम्मानित
11-Jan-2024 2:53 PM
विधायक को गृह वार्ड में मिली लीड, बूथ अध्यक्ष सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 11 जनवरी। कुरुद विधानसभा चुनाव में क्षेत्र के 237 बूथों  में सबसे ज़्यादा 410 वोटों की लीड दिलाने वाले नपं कुरूद के वार्ड क्रमांक 5 अंतर्गत बूथ क्रमांक 175 में बेस्ट परफॉर्मेंस देने वाले बूथ अध्यक्ष भूपेंद्र चन्द्राकर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव के द्वारा सम्मानित किया गया।

बुधवार को राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम मे आयोजित कार्यक्रम में भाजपा ने 19 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया था। जिसमें कुरूद विधानसभा के 350 से अधिक पार्टी पदाधिकारियों ने विधायक अजय चन्द्राकर के नेतृत्व में भाग लिया। कुरूद विधानसभा के 237 बूथों में सबसे ज़्यादा 410 वोट से विजयश्री दिलाने वाले बूथ क्रमांक 175 के बूथ अध्यक्ष भुपेंद्र चन्द्राकर (छोटू) को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

इस मौके पर कुरूद विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने वाले राष्ट्र सेवा एवं विचारधारा को समर्पित सभी कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए विधायक अजय चन्द्राकर ने वरिष्ठ पार्टी नेताओं का आभार व्यक्त किया। पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर के गृह वार्ड पांच जनपथ में हासिल इस उपलब्धि के बारे में वार्ड पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष भानु चन्द्राकर ने कहा कि पार्टी द्वारा दिया गया यह सम्मान भले ही मेरे निर्वाचन क्षेत्र को मिला है, लेकिन यह हमारे प्रत्येक कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं के प्रेम के साथ साथ मोदी की गारंटी एवं अजय चन्द्राकर के प्रति लोगों का भरोसे को दर्शाता है। इस अवसर पर निरंजन सिन्हा, ज्योति चन्द्राकर, गौकरण साहू, सिन्धु बैस, भीमदेव साहू, कुलेश्वर चंद्राकर, तिलोकचंद जैन, सुरेश अग्रवाल, कृष्णकांत साहू, मालकराम साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।


अन्य पोस्ट