धमतरी
धमतरी, कांकेर, बालोद व अन्य स्थानों पर जाकर करता था चोरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 15 दिसंबर। दर्जनभर बाइक चोरी के आरोपी को सायबर सेल एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। आरोपी धमतरी, कांकेर, बालोद एवं अन्य स्थानों पर जाकर बाइक चोरी करता था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नेहा पवार एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कुरूद केके वाजपेयी के नेतृत्व में सायबर सेल एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा बाइक चोरी के आरोपी की पतासाजी की जा रही थी।
पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति उम्र लगभग 35-36 वर्ष का युवक बठेना अस्पताल के सामने एक पैशन प्रो बाइक को बेचने के लिए लोगों को दिखा रहा है तथा कम कीमत में बेचने की बात कर रहा है उक्त सूचना की तश्दीक एवं कार्रवाई के लिए मौके पर संयुक्त रूप से पुलिस टीम पहुँची और मुखबिर के निशानदेही पर आरोपी रामस्वरूप नेताम को अभिरक्षा में लेकर उसको मुखबिर सूचना से अवगत कराया गया तथा उसके आधिपत्य में रखे उपरोक्त बाइक के संबंध में वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने कहने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उपरोक्त वाहन को माह मई में क्रिश्चन अस्पताल के पार्किंग स्थल धमतरी से चोरी का होना बताया आरोपी के कब्जे से पैशन प्रो मोटर सायकल कीमती 40 हजार को मौके पर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
थाना में अन्य घटना एवं चोरी के संबंध में पुछताछ कर मेमोरण्डम कथन लिया गया। आरोपी अपने कथन में बताया कि वह बाइक का मेकेनिक है कर्ज में डुबा हुआ था जो इस वर्ष 2023 में बाइक चोरी का प्लान बनाकर जिला धमतरी, जिला कांकेर, जिला बालोद एवं अन्य स्थानों पर बस से जाकर मो.सा. की चोरी अपने पास रखे औजार पेचकस, वायर कटर, पाना तथा फ्यूल चेकिंग मशीन से वाहनों की ताला तोडक़र डायरेक्ट कर चोरी करते आ रहा है, जो अब तक कुल 12 बाइक की चोरी किया है। आरोपी रामस्वरूप नेताम (36) को गिरफ्तार न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।


