धमतरी
आत्मानंद विद्यालय चर्रा में मनाया एनसीसी दिवस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 29 नवंबर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चर्रा में 75वें एनसीसी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें पूरे शिक्षण सत्र के दौरान राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न कैंपों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को गोल्ड मेडल व पुष्प गुच्छ से पुरस्कृत किया गया।
समारोह के बतौर अतिथि राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक देवनाथ साहू, वरिष्ठ व्याख्याता देवेंद्र दादर, नायक सूबेदार केशव दत्त 27 छग बटालियन रायपुर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य छायासिंह ठाकुर ने दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत की। तत्पश्चात सेजेस चर्रा के कैडेटों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी गई। संस्था के एनसीसी अधिकारी सेकेंड ऑफिसर खुमान साहू के द्वारा वार्षिक गतिविधि सह प्रशिक्षण प्रतिवेदन का वाचन करते हुए सत्र भर की गतिविधि एवं उपलब्धियों के बारे में बताया। गल्र्स कैडेटों द्वारा देशभक्ति गीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कैडेटों को प्रेरित करते हुए एनसीसी के ध्येय वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ को चरितार्थ करते हुए समाज व देश सेवा के लिए निरंतर अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर अपना योगदान देते रहने की बात कही। इस मौके पर संस्था के शिक्षक, एनसीसी कैडेट्स, पालकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।


