धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन 2023 के चुनाव हेतु 56-सिहावा विधानसभा के जनपद पंचायत नगरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत बिलभदर के मतदान केन्द्र क्रमांक 143 को विशेष पिछड़ी जनजाति कमार वर्ग हेतु ट्राइबल मतदान केन्द्र का निर्माण किया गया, जिसमें कुल मतदाता की संख्या 1039, कमार मतदाता की संख्या 37 है। यह मतदान केन्द्र चुनई तिहार के आधार पर तैयार करते हुए कमार जनजाति हेतु झोपड़ी नुमा सेल्फी जोन बनाया गया है।
कमार जनजाति के लोग पारम्परिक औजार जैसे तीर-धनुष, पारम्परिक अनाज रखने हेतु टुकनी, सूपा लेकर मतदान करने पहुंचे। दिव्यांग मतदाताओं के लिए ट्रायसाईकल की व्यवस्था की गई थी। साथ ही शत प्रतिशत मतदान करने जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास एवं सहयोग किया गया।
विशेष पिछड़ी जनजाति कमार वर्ग हेतु निर्मित मतदान केन्द्रों में कमार मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया। इन मतदान केन्द्र में पहुंच कर कमार जनजाति के लोगों ने सफलता एवं सरलतापूर्वक मतदान की और सेल्फी जोन में सेल्फी भी ली।
विधानसभा निर्वाचन सिहावा-56 का पोलिंग बूथ क्रमांक- 143, माध्यमिक शाला भवन ग्राम बिलभदर विकासखण्ड नगरी को आदर्श बूथ के रूप में चिन्हित किया गया है। इस बूथ में सभी मतदान कर्मी आदिवासी, पिछड़ी जनजाति (कमार) महिला/पुरूष मतदाता कर्मी है तथा उनके द्वारा मतदान प्रक्रिया का निर्वहन किया जा रहा है।
मतदान प्रक्रिया में शत-प्रतिशत विशेष पिछड़ी जनजाति कमार मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस बूथ को आदिवासी विकास विभाग द्वारा आदर्श मतदान केन्द्र के रूप में सुसज्जित किया गया है। इस बूथ के माध्यम से कमार मतदाताओं के जीवन को आदर्श बनाने तथा लोकतंत्र में शत-प्रतिशत भागीदारी कराने, उनको मतदान प्रक्रिया से जोडऩे, शिक्षा से जोडऩे, सामाजिक जन जीवन के स्तर को उंचा उठाने के उद्देश्य से इस बूथ का निर्माण किया गया है। यहां के कमार मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान कराया जाना है और उनके साथ-साथ विधानसभा सिहावा के समस्त मतदाताओं को अपील करने के उद्देश्य से आदर्श मतदान केन्द्र का निर्माण किया गया है।
वेबकास्टिंग से मतदान केंद्रों की होती रही निगरानी -
जिले में कुल 753 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन मतदान केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। मतदान केंद्रों की लाइव स्थिति जानने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी। जिले में कुल 377 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की गई। जिला स्तर पर भी मतदान केंद्रों की जानकारी ली गई।


