धमतरी

दो दिन चला गौरी-गौरा उत्सव
15-Nov-2023 3:48 PM
दो दिन चला गौरी-गौरा उत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 15 नवंबर।
विधानसभा चुनाव के बीच धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्रामीण क्षेत्र में लक्ष्मी पूजा के दूसरे दिन लेकिन नगर में तीसरे दिन गौरी-गौरा का विसर्जन किया गया।

छत्तीसगढ़ी लोक परम्परा और आदीवासी संस्कृति में ईशर ग़ौरी गौरा का त्योहार धनतेरस के दिन से शुरू होकर गोवर्धन पूजा तक मनाया जाता है। नगर के गोंड पारा, बैगा पारा, सरोजनी चौक, दानीपारा, सिरसा चौक, पचरीपारा, संजय नगर, डिपो मार्ग, इंदिरा नगर आदि स्थानों में बने गौराचौरा में इस बार भी गौरी-गौरा उत्सव मनाया गया।

दानीपारा गौरा समिति से जुड़े रमेशर साहू, रोहित साहू, बिसहत मिस्त्री, पार्षद डुमेश साहू, लखन, भारत साहू, विजय नगारची, रामप्यारे,खुबलाल साहू, राजेश, बाबूलाल चक्रधारी, मगन बघेल, प्रदीप साहू, रुपेश धीवर, त्रिभुवन साहू, बिष्णुराम, घूरऊ, धनूष साहू, सुरेश निर्मलकर, सुजीत साहू, भरत देवांगन, कामीन, उर्वशी बाई, राकाबाई, रोहिणी साहू, कचरा यादव, आदि ने बताया कि इस मोहल्ले में सभी जाति के लोग मिलकर गौरी-गौरा पर्व मनाते हैं। जिसमें पारंपरिक गड़वा बाजा में गौरा गीत गाकर फ़ूल कुचरने, तालाब से मिट्टी लाने, रात्रि में गौरा जगाने, करसा परघाने से लेकर गौरा गौरी की बारात निकालने की रस्में विधि विधान से पुरी की जाती है। इस बार ग्रहण के कारण एक दिन बाद भव्य शोभायात्रा निकाल बाजे गाजे के साथ गौरी-गौरा का विसर्जन किया गया। इस दरम्यान कई भक्तों ने आस्था पूर्वक सांकड़ लिया। 

14 नवंबर को गांधी चौक में यादव समाज द्वारा मंड़ाई निकाल कर गौवंश की पूजा अर्चना कर गोबर का तिलक लगाकर सभी को गोवर्धन पूजा की बधाई दी गई।

 


अन्य पोस्ट