धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 7 नवंबर। मोदी गारंटी सहित विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में राममंदिर जैसे धार्मिक मुद्दों के सहारे केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भखारा में हजारों की भीड़ से जय श्रीराम के जयकारा लगवाते हुए छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री ने सीधे मुख्यमंत्री को चैलेंज करते हुए कहा कि आप सीएम हैं मैं नहीं, फिर भी पाटन और कुरुद विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की तुलना करा लें, हम आपसे आगे ही रहेंगे।
सोमवार को कुरुद विधानसभा क्षेत्र का की बेल्ट माने जाने वाले भखारा के रामलीला मैदान में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्रीमती ईरानी ने मोदी की गारंटी के रूप में भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र के प्रमुख बिंदुओं को गिनाते हुए महिला मतदाताओं को होने वाले लाभ गिनाते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने भूपेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कांग्रेस इटली के रिमोट से संचालित होती थी, लेकिन यहां के मुख्यमंत्री को दुबई में बैठे सट्टा किंग्स संचालित कर रहे हैं। सत्ता में रहकर सट्टा का यह खेल इस चुनाव में कांग्रेस को ले डूबेगा।
भाजपा की स्टार प्रचारक श्रीमती ईरानी ने अपने भाषण में धर्म का तडक़ा लगाते हुए कांशी विश्वनाथन कोरिडोर से लेकर अयोध्या में बन रहे रामलला मंदिर को मोदी सरकार की उपलब्धियों में शुमार करते हुए समाने बैठी भीड़ को चुनाव बाद अयोध्या दर्शन का न्योता देकर 17 नवम्बर को ईवीएम मशीन में एक नम्बर का बटन दबाकर अजय को जीता प्रदेश से दो नम्बरी वालों की सरकार को भगाने का आह्वान किया।
इसके पूर्व भाजपा प्रत्याशी श्री चन्द्राकर ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कांग्रेस को ललकारते हुए पूछा कि उनके पास कुरुद विकास का ब्लुप्रिंट क्या है? वें यहीं नहीं रुके अपनी पड़ोसी सीट पाटन जहां से चुनाव जीत कर भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री की शपथ ली थी। पहले पांच सालों में वहां हुए विकास कार्यों की तुलना कुरुद विधानसभा से करवा लेने की चुनौती दी।
इस अवसर पर निरंजन सिन्हा, दयाराम साहू, ज्योति चंद्राकर, भानू चंद्राकर,मालकराम साहू, रविकांत चंद्राकर, भीम साहू, गौकरण साहू, सुरेश अग्रवाल, सिंधु बैस, भूपेंद्र चन्द्राकर, जितेन्द्र अग्रवाल, राजेश पवार, रामगोपाल देवांगन, हरख जैन आदि उपस्थित थी।


