धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 5 नवंबर। सशक्त छत्तीसगढ़ के लिए भाजपा द्वारा जारी मोदी गारंटी की खूबियों सहित प्रदेश एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी प्रवक्ता एवं कुरुद प्रत्याशी ने 20 क्विंटल धान उत्पादन सहित कई प्रश्नों का जवाब देते हुए भूपेश बघेल को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस का विकास से कोई वास्ता नहीं है।
भाजपा कार्यालय कुरुद में रविवार को पत्रकारों से चाय पर चर्चा करते हुए श्री चन्द्राकर ने बताया कि पांच बरस पहले कांग्रेस ने यहां के भोलेभाले लोगों को जो रंगीन सपने दिखाए थे वे अब ब्लैक एंड व्हाइट होकर बदरंग हो चुके हैं। उन्होंने अपने पहले के वायदे पूरे नहीं किए हैं और फिर से लोगों को सब्जबाग दिखा रहे हैं।
मोदी गारंटी में शामिल 21 क्विंटल धान खरीदी को लेकर उनके पिछले बयान जिसमें उन्होंने 20 क्विंटल धान उत्पादन नहीं होने की बात कही थी ?, इस प्रश्न पर श्री चन्द्राकर ने कहा कि मैंने तब प्रदेश के राजस्व रिकार्ड के हिसाब से वह बात कही थी, आज मेरा मानना है कि धमतरी जिला में 20 क्विंटल से अधिक धान का उत्पादन होता है।
रिकार्ड दुरुस्त करने में आपकी सरकार ने 15 सालों में कोई प्रयास क्यों नहीं किया ? इसके जवाब में उन्होंने हंसते हुए कहा कि मेरे पैरों में घुंघरू बांध दे, फिर मेरी चाल देखिए।
पिछले पांच साल हर मौके पर शराबबंदी के नाम पर राजनीति करने वालों भाजपा ने अपने गारंटी कार्ड में इसका कोई जिक्र तक नहीं किया है ? जवाब में भाजपा प्रवक्ता अजय ने कहा कि इसका जवाब हम नहीं कांग्रेस से पूछा जाना चाहिए, यदि उन्होंने अपना वादा निभाया होता तो यह सवाल ही पैदा नहीं होता।
मोदी के 15 लाख के वायदे संबंधी प्रश्न का जवाब देते हुए अजय ने कहा कि देश के प्रधान सेवक एवं विश्व के महान नेता मोदी ने जो कहा था उसे पूरा करने गांव में सडक़ें शहरों में फोरलेन एवं भारत माला, बड़ी रेल लाइन जैसे बड़े प्रोजेक्ट लागू कर जमीनों का रेट कई गुना बढ़ गया है।
कुरुद क्षेत्र में रेत माफिया के बढ़ते आतंक को लेकर पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए श्री चन्द्राकर ने इसे भूपेश बघेल का स्टार्ट अप कऱार दिया। प्रदेश में कांग्रेस खनिज माफिया एवं सट्टा वालों से नाल वसूली कर सरकार चला रही है।
कुरुद क्षेत्र में रेलवे रैंक पॉइंट बनवाने का प्रयास जारी रखने की बात कहते हुए कहा कि कांग्रेस से विकास का कोई वास्ता नहीं है । छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार बनेगी तभी यहां विकास करवट बदलेगा।
इस मौके पर दयाराम साहू, भानु चंद्राकर, भीमदेव, चितरंजन साहू, सुरेश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।


