धमतरी

प्रेक्षकों ने की रिटर्निंग और नोडल अफसरों के कार्यों की समीक्षा
02-Nov-2023 4:18 PM
प्रेक्षकों ने की रिटर्निंग और नोडल  अफसरों के कार्यों की समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 2 नवंबर।  भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 56-सिहावा (अनुसूचित जनजाति) व विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 58-धमतरी के लिए नियुक्त निर्वाचन प्रेक्षक आईएएस मनीष अग्रवाल एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 57-कुरुद के लिए नियुक्त निर्वाचन प्रेक्षक आईएएस दीपक रामचंद्र तावरे तथा पुलिस प्रेक्षक सीएच विजया राव एवं व्यय प्रेक्षक पी.चंद्रशेखर बाबू ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सभी रिटर्निंग और नोडल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतुराज रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर उपस्थित थे। निर्वाचन प्रेक्षक 57-कुरुद  आईएएस दीपक रामचंद्र तावरे ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुरूप सभी टीम नियमानुसार निष्पक्षता एवं सजगतापूर्वक कार्य करेंगे। चेक पोस्ट में 24’7 वाहनों का निरीक्षण होना चाहिए।  उडऩदस्ता दल, स्थैतिक निगरानी दल एवं सभी टीम को सक्रियता एवं सतर्कतापूर्वक लगातार निरीक्षण का कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को समन्वित तरीके से कार्य करने के लिए कहा।

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 56-सिहावा और 58 धमतरी के लिए नियुक्त निर्वाचन प्रेक्षक आईएएस मनीष अग्रवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन एवं निर्देशों के अनुरूप कार्य करें। सभी टीम नियमानुसार बेहतरीन कार्य करें। उन्होंने कहा कि उडऩदस्ता दल एवं स्थैतिक निगरानी दल सतर्क होकर सीमा पर वाहनों का सघन निरीक्षण करते रहें। जिले की सिहावा विधानसभा की सीमा ओडि़सा से जुड़ी हुई है और कुछ मतदान केन्द्र नक्सल प्रभावित क्षेत्र में है। इन क्षेत्रों में विशेष तौर पर ध्यान देते हुए कार्य करने की जरूरत है।


अन्य पोस्ट