धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 1 नवंबर। माइक्रो आर्ट के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाने वाले सिहावा अंचल के मुकुंदपुर निवासी माइक्रो आर्टिस्ट भानुप्रताप कुंजाम ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर सामान्य चॉक में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा उकेरी है। जिसके नीचे चॉक पर ही छत्तीसगढ़ महतारी भी लिखा गया है।
ज्ञात हो कि भानुप्रताप इससे पहले भी कई महापुरुषों, मसहूर हस्ती और समसामयिक विषयों पर निरन्तर कलाकृतियाँ उकेर कर लोगों के बीच आकर्षण का केन्द्र बन चुके हैं। उनके नाम दुनिया की सबसे छोटी शिवलिंग बनाने का रिकॉर्ड भी है जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। जिसे छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया था। इसके अलावा चाक पर छत्तीसगढ़ की भौगोलिक नक्शा, प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदीजी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी, पूर्व राज्यपाल अनुसुईया उइके, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अमिताभ बच्चन, गाँधीजी, शास्त्रीजी, दशरथ मांझी जैसे कई नामचीन चेहरों के प्रतिमा उकेरी है। साथ ही पेंसिल की नोक पर दुनिया की सबसे छोटी रामचंद्रजी, बुढ़ादेव, गणेशजी की प्रतिमा उकेर कर लोगों के बीच अलग ही पहचान बनाई है।


