धमतरी

महिला विधेयक में एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण की व्यवस्था हो-घमेश्वरी
03-Oct-2023 3:47 PM
महिला विधेयक में एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण  की व्यवस्था हो-घमेश्वरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 3 अक्टूबर। धमतरी जनपद पंचायत की पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस नेत्री घमेश्वरी साहू ने महिला आरक्षण को प्रधानमंत्री मोदी का चुनावी जुमला बताया है, उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल में अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं ओबीसी के लिए आरक्षण नहीं होने से इसका लाभ कुछ गिने-चुने परिवार के संपन्न महिलाओं को मिलेगा ‘नारीशक्ति वंदन विधेयक’ का समर्थन करके मोदी सरकार से आग्रह किया कि जाति आधारित जनगणना करा कर विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के साथ ही अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) की महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था की जाए।

लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने के प्रावधान वाले कानून बनने के साथ इसे जल्द से जल्द लागू किया जाए, इसे लागू करने में देरी भारत की महिलाओं के साथ घोर नाइंसाफी होगी। उन्होंने स्थानीय निकायों में भी महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए।

घमेश्वरी साहू ने महिला आरक्षण विधेयक पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी एवं सोनिया गांधी के योगदान को याद किया और कहा कि इस महिला आरक्षण विधेयक के पारित होने से स्व.राजीव गांधी का अधूरा सपना पूरा होगा। सरकार से आग्रह किया कि, इस विधेयक को फौरन अमल में लाया जाए, लेकिन जाति जनगणना कराकर एससी, एसटी और ओबीसी महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था की जाए। इसके लिए जो कदम उठाना जरूरी है, उसे उठाना चाहिए। उन्होंने कहा, इस विधेयक के रास्ते की रुकावटों को दूर करते हुए इसे जल्दी से जल्दी से लागू किया जाए।


अन्य पोस्ट