धमतरी

मुख्यमंत्री बने वारुणी देवी के सच्चे उपासक- अजय
16-Aug-2023 5:00 PM
मुख्यमंत्री बने वारुणी देवी के सच्चे उपासक- अजय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 अगस्त।
कुरूद विधानसभा के भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वतंत्रता दिवस के दिन जनमन में धर्म एवं राष्ट्रीयता की भावना जागृत करने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस मोटर सायकल रैली का नेतृत्व हाथ में तिरंगा लेकर विधायक अजय चन्द्राकर ने किया। तिरंगा यात्रा के नगर भ्रमण पश्चात पार्टी दफ्तर में पूर्व मंत्री ने युवाओं में जोश भरते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मंगलवार को भाजपा कार्यालय कुरुद से सैकड़ों भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें विधायक अजय चन्द्राकर, युवा मोर्चा प्रदेश प्रभारी आलोक डंगस, प्रदेश महामंत्री उपकार चन्द्राकर, जि़ला सह प्रभारी अनमोल तिवारी, जि़ला अध्यक्ष कैलाश सोनकर, युवा मोर्चा एवं चारों भाजपा मंडल अध्यक्ष, जि़ला एवं प्रदेश के पदाधिकारी सहित कुरुद विधानसभा के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। धर्म एवं राष्ट्र प्रेम के नारे लगाते हुए नगर भ्रमण पश्चात तिरंगा यात्रा सभा में तब्दील हो गई। 

पार्टी जनों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता अजय चन्द्राकर ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई से लेकर कई उदाहरण देते हुए बताया कि भारतीय जनता पार्टी को गढऩे एवं आकार देने में युवाओं की भूमिका अहम रही है। युवाओं को कभी भी यथास्थितिवाद का पोषक नहीं बनना चाहिए, विपक्ष की भूमिका सदैव जनमत तैयार करने की होती है। 

उन्होंने कांग्रेस को विचारहिन पार्टी करार देते हुए इंडिया गठबंधन में शामिल दलों पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए इससे महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार को अलग बताया।

पूर्व मंत्री श्री चन्दाकर ने धर्म ग्रंथों के हवाले से कहा कि जब समुद्र मंथन हुआ तो उसमें से कई देवी देवता निकले, उन्हीं में से मदिरा की देवी वारुणी भी निकली। जिसके सच्चे उपासक हमारे मुख्यमंत्री हैं। तभी तो प्रदेश में शराब की नदियां बह रही है। सभा को संबोधित करते हुए आलोक डंगस ने आगामी चुनावों के लिए सभी को एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। 
 


अन्य पोस्ट