धमतरी

गिट्टी खदान में ब्लास्टिंग, दो सौ मीटर दूर स्कूल में छात्रा पर गिरा पत्थर, गंभीर
13-Jul-2023 3:29 PM
गिट्टी खदान में ब्लास्टिंग, दो सौ मीटर दूर स्कूल में छात्रा पर गिरा पत्थर, गंभीर

आक्रोशित ग्रामीण पहुंचे थाना, कलेक्टर ने भेजी जांच टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 13 जुलाई।
बुधवार को कुरुद थानांतर्गत ग्राम कोकड़ी (नारी) के पत्थर खदान में ब्लास्टिंग के दौरान स्कूल में खेल रही बच्ची के सिर पर पत्थर का टुकड़ा गिरने से वह गम्भीर रूप से घायल हो गई हंै। उसका उपचार रायपुर के एक अस्पताल में चल रहा है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कुरुद थाना पहुंच खदान ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। 

ग्रामीणों ने बताया कि गिट्टी खदान में हमेशा की तरह कल दोपहर पत्थर तोडऩे ब्लास्टिंग किया गया। धमाके से खदान का पत्थर दो सौ मीटर दूर प्राथमिक शाला मैदान में खेल रही छात्रा रागनी पिता भोजराज ध्रुव (8) के ऊपर गिर गया। सिर में चोट लगने से बच्ची लहूलुहान होकर वहीं गिर गई, जिसे शिक्षकों एवं परिजनों ने तत्काल नयापारा राजिम अस्पताल पहुंचाया। 

यहां से उसे रायपुर रिफर कर दिया गया। आयुष्मान हॉस्पिटल में छात्रा का इलाज जारी है, लेकिन स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। 
कोकडी़ सरपंच गायत्री ध्रुव, पिंकी निषाद, गायत्री साहू, नेमा ध्रुव,  धनराज साहू, खेमलाल निषाद, युवराज साहू, देवानन्द  सेन आदि ग्रामीणों ने इस हादसे के जिम्मेदार खदान ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

टीआई दीपा केंवट ने बताया कि खदान ठेकेदार के खिलाफ धारा 337,34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर ऋ तुराज रघुवंशी ने गुरुवार को जांच टीम गठित कर मौके पर भेज रिपोर्ट मंगवाई है।


अन्य पोस्ट