धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 10 जुलाई। सावन के महिने में इस बार आठ सोमवार पड़ रहे हैं। इसको लेकर शिवभक्तों में दोगुना उत्साह नजर आ रहा है। उक्त जानकारी बोलबम सेवा समिति कुरूद अध्यक्ष भानू चंद्राकर ने प्रेस वार्ता में दी।
रविवार शाम पुराना मंडी परिसर में आयोजित वार्ता में विगत 23 सालों से सावन महोत्सव मनाने वाली धार्मिक संस्था बोलबम समिति से जुड़े भानु चंद्राकर, सुरेश अग्रवाल ने बताया कि इस बार प्रत्येक सावन सोमवारी को सामूहिक रुद्राभिषेक कार्यक्रम किया जाएगा।
संस्था के संरक्षक विधायक अजय चंद्राकर के विशेष सहयोग से सर्वजन हिताय, सर्वमंगल एवं लोक कल्याण की भावना से सामूहिक उपासना का आयोजन सावन माह में होने जा रहा है। जिसके तहत पंडित राहुल केंगे नासिक (त्र्यंबकेश्वर) के मार्गदर्शन में सावन माह के सभी सोमवार को सामूहिक रुद्राभिषेक किया जायेगा। जिसकी शुरुआत 10 जुलाई को पुरानी मंडी में होगी। शिव भक्त दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक विशेष आराधना करेंगे। इसी तरह कुरूद, 17 एवं 24 जुलाई को अजय फाउंडेशन में, 31 जुलाई, 7, 14, 21, 28 अगस्त को पुरानी मंडी में यह कार्यक्रम आयोजित होगा।
सुभाष अग्रवाल, सुनील चन्द्राकर, कृष्णकांत साहू ने बताया कि समिति की ओर से ऐसी व्यवस्था की गई है कि प्रत्येक सोमवार को अनुष्ठान में अलग अलग जजमान को मौका मिले, इसके लिए नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालुओं सूचीबद्ध किया गया है।
चुनावी वर्ष में इस तरह के बड़े धार्मिक आयोजन से कोई राजनीतिक मकसद साधने संबंधी सवाल का जवाब देते हुए अध्यक्ष भानु चंद्राकर ने बताया कि हम तो पिछले दो दसक से सावन महोत्सव मना रहे हैं।
इस बार भी हम अपनी परम्परा को आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन सत्ता पक्ष के कुछ नेता शायद इसी उद्देश्य से रामकथा करवा रहे हों।
उन्होंने दो महीने तक चलने वाले धार्मिक आयोजन के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए सभी वर्गों को सहभागी बनने का आग्रह किया है। इस अवसर पर मोहन अग्रवाल, राम नारायण शर्मा, लोकेश सिन्हा, प्रभात बैस आदि उपस्थित थे।


