धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 6 जुलाई। ग्रामवासियों में धर्म कर्म और सद्भावना का संचार करने के उद्देश्य से बाल समाज नाट्य मंडली कठौली द्वारा घर घर जाकर महिलाओं को रामचरित मानस ग्रंथ प्रदान किया जा रहा है।
कुरुद ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कठौली में धर्म प्रचार के इस नेक काम में जुटे रामायण मंडली के साथी गौकरण साहू, नोहर साहू, ताराचंद साहू ने बताया कि बाल समाज नाट्य मंडली कठौली द्वारा सावन माह में प्रतिदिन रामायण पाठ का कार्यक्रम विगत 55 - 60 सालों से चला आ रहा। जिसका शुभारंभ रामरतन निषाद द्वारा किया गया था। इस परम्परा को आगे बढ़ाने में सहयोगी नरसिंग साहू, डारेंद्रदास, याददास मानिकपुरी, जितेंद्र साहू, गोविंद विश्वकर्मा, जुगल किशोर, टिकेश्वर विश्वकर्मा, प्रशांत नागराची, खेलूराम पटेल, ,छविलाल साहू, अरुण चौधरी आदि साथियों ने निर्णय लिया कि इस कार्य में मातृशक्ति को भी सहभागी बनाया जाए। तब से अपने संसाधन से जुटाए गए मानस ग्रंथ को घर घर पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
भाजपा नेता गौकरण साहू ने बताया कि घरों में माताओं से संपर्क कर उन्हें मानस ग्रंथ भेंटकर प्रतिदिन रामचरित पठन करने का आग्रह किया जा रहा है। इसके अलावा सभी मुहल्ले में सामूहिक पाठ करने का निवेदन ग्रामवासियों से किया गया। हमारी इस पहल का स्वागत करते हुए माता बहनों एवं गांव के धर्म प्रेमी लोगों ने, उत्साह के साथ रामचरित मानस का पाठ घरों और मुहल्लों में प्रारंभ करने की हामी भरी है।


