धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 28 जून। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक आहूत की गई। बैठक में कलेक्टर श्री रघुवंशी ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रारंभ एवं स्वीकृत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का विभागवार समीक्षा की और समय-सीमा में निराकरण करने कहा। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोक्तिमा यादव, डिप्टी कलेक्टर रामकुमार कृपाल, उमा राज, एसडीएम धमतरी डॉ. विभोर अग्रवाल, कुरूद सोनाल डेविड, उप संचालक कृषि मोनेश साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बैठक में स्कूल जतन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यो को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सहित जिले में स्कूल प्रारंभ हो गए हैं और वर्षा का मौसम भी शुरू हो गया है। विद्यार्थियों को स्कूल में किसी तरह की दिक्कत ना हो और बच्चों को पढ़ाई का उचित वातावरण मिले, अधिकारी इस बात का ध्यान रखें।
कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कृषि, उद्यानिकी, वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को समन्वित तरीके से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन तथा बिक्री की गहन समीक्षा करते हुए वर्मी कम्पोस्ट की बिक्री बढ़ाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना के तहत की जा रही गोबर खरीदी के संबंध में जानकारी ली तथा लक्ष्य के अनुरूप गोबर की खरीदी करने के निर्देश दिए।


