धमतरी
एक बेटी की पहले ही मौत हो चुकी है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 27 जून। सिहावा क्षेत्र में रविवार शाम हुए भीषण सडक़ हादसे में घायल बाप-बेटी की इलाज के दौरान रायपुर में मौत हो गई। हादसे में एक बेटी की पहले ही मौत हो चुकी है व एक बेटी घायल है।
ज्ञात हो कि सिहावा थाना के सिहावा-घटुला मार्ग पर रविवार शाम पाईकभाठा के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो और ट्रक में भीषण भिड़ंत हो गई, जिसके बाद स्कार्पियो के सामने हिस्से के परखच्चे उड़ गए। कड़ी मशक्कत के ग्रामीणों की मदद से फंसे लोगों को निकाला था। पांच साल की शंभवी (शामली)की मौत नगरी अस्पताल में हो गई थी।
स्कार्पियो चालक दुलेश्वर साहू, उसकी बेटी यशस्वी 18 वर्ष और 2 साल की बेटी आरवी भी घायल हो गई थीं। दुलेश्वर और यशस्वी को इलाज के लिए धमतरी लाया गया, जहां पर स्थिति गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया गया था। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार देर रात दोनों की मौत हो गई।
छिपलीपारा, सोनामगर निवासी दुलेश्वर साहू स्कार्पियो में पत्नी और बेटियों संग विश्रामपुरी इलाके गये थे। पत्नी शिक्षिका हैं, जिसकी पोस्टिंग बस्तर के विश्रामपुरी क्षेत्र में है। सोमवार को 26 जून से नये शिक्षा सत्र की शुरुवात होनी थी। लिहाजा पत्नी को छोडक़र पति दुलेश्वर साहू, तीन बेटियों संग वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान सिहावा,घठूला मार्ग पर पाईकभाठा के पास स्कार्पियो सीजी 09 एच 1000 और ट्रक जीजे10 टीएक्स1734 में जोरदार भिड़ंत हो गई।


