धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 25 जून। मोदी सरकार के नौ साल पूर्ण होने पर पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत कुरुद विधानसभा में भाजपा नेता घर-घर जाकर लोगों को केन्द्र की उपलब्धियों से अवगत करा, दिल्ली में तीसरी बार एनडीए सरकार बनाने का आह्वान कर रहें हैं।
कुरुद भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलेश्वर चंद्राकर के गृह ग्राम बगौद में विशेष जनसंपर्क अभियान कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता मालकराम साहू ने शनिवार को घर-घर जाकर लोगों से मिले और उन्हें प्रधानमंत्री आवास, घर-घर शौचालय, नल-जल योजना, अटल ज्योति योजना, गंभीर बीमारी के इलाज हेतु आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़, 80 करोड़ गरीब परिवार को दिए जा रहे मुफ्त अनाज के बारे में बता, विश्व में भारत का मान बढ़ाने वाले मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आह्वान किया। जनसंपर्क में श्री साहू ने कांग्रेस के घोषणा पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले चुनाव से पहले कांग्रेसी नेता शराबबंदी को लेकर गंगाजल की कसम खाया, लेकिन सत्ता में आते ही वें शराबबंदी भूल घर-घर नकली शराब पहुंचा रहे है?। जनता इसका जवाब विधानसभा में कांग्रेस को हराकर देगी।
मंडल अध्यक्ष कुलेश्वर चंद्राकर ने अपने गांव के लोगों को समझाया कि दिल्ली से पहले हमें छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनानी है। डबल इंजन की सरकार होने से प्रदेश को केंद्र से भरपूर सहयोग मिलेगी। इसके लिए हमें कुरुद विधानसभा सहित धमतरी जिला की तीनों सीटों पर जीत हासिल करना होगा। श्री चन्द्राकर ने ग्रामीणों को बताया कि केंद्र की योजनाएं जनता तक ना पहुंचे इसके लिए राज्य सरकार कुचक्र रच रही है। राज्य की कांग्रेस सरकार का रवैया उदासीन है। जिससे प्रधानमंत्री आवास एवं नल जल योजना का भरपूर लाभ यहां के लोगों को नहीं मिल पा रहा है ।
इस मौके पर सोशल मिडिया जिला संयोजक कमलेश चंद्राकर, शेषनारायण साहू एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।


