धमतरी

मानसून में देरी फिर भी सोसायटियों में खाद-बीज का उठाव तेज
23-Jun-2023 4:25 PM
मानसून में देरी फिर भी सोसायटियों में खाद-बीज का उठाव तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 23 जून। मानसून  की लेटलतीफी के बावजूद खेती-किसानी की तैयारी में किसान  जुटे हैं। फसल बोआई हेतु खेतों की जोताई, मेड़ों की सफाई पुरी कर चुके किसान खाद बीज लेने सोसायटियों में पहुंच रहे हैं। अब सबकी नजर आसमान की ओर लगी है। 

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर शाखा कुरुद के तहत आने वाली 9 सोसायटियों में इस बार खरीफ सीजन के लिए खाद बीज का अंग्रीम भंडारण किया गया ।

शाखा प्रबंधक टीके बैस से जून के दुसरे सप्ताह तक की मिली जानकारी के मुताबिक कुरुद सहकारी समिति में 141 मिट्रिक टन यूरिया 25 एमटी सुपर फास्फेट 176 एमटी डीएपी का भंडारण किया गया था। कुहकुहा में 134 यूरिया 25 सुपर, 176 डीएपी, गाडाडीह में 169 यूरिया 25 सुपर 150 डीएपी, मंदरौद में 92 यूरिया 89 सुपर 75 डीएपी, भाठागांव में 124 यूरिया 53 सुपर 162 डीएपी, बगौद में 119 यूरिया 40 सुपर 175 डीएपी, चर्रा में 113 यूरिया 30 सुपर 217 डीएपी, कातलबोड में 89 यूरिया 25 सुपर 110 डीएपी, सिवनी कला सोसायटी में 182 यूरिया 27 सुपर 185 मिट्रिक टन डीएपी खाद का भंडारण किया गया था। जिसमे से संबंधित क्षेत्र के किसानों को खाद आबंटित किया जा रहा है ।

कुरुद समिति प्रबंधक टीके बांसकर ने बताया कि मांग के अनुरूप खाद बीज की आपूर्ति हो रही है। सहकारी कर्मचारियों की हड़ताल के चलते वितरण का काम कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। वर्तमान में किसानों को मांग पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक दिया जा रहा है।

सहकारी समिति द्वारा की गई लम्बी हड़ताल के संबंध में धमतरी जिला कोषाध्यक्ष रमाकांत सेन ने बताया कि मांगों के संबंध में सहानूभूति पुर्वक विचार किए जाने के सरकारी आश्वासन पर हमने 18 जून से अपनी हड़ताल स्थगित कर दी है, ताकि किसानों को कोई दिक्कत न हो।

हमारी मांगे नहीं मानी गई तो हम फिर से आंदोलन की राह पकड़ेंगे।


अन्य पोस्ट