धमतरी

सूने घर से सवा दो लाख की चोरी
23-Jun-2023 4:00 PM
सूने घर से सवा दो लाख की चोरी

कुरूद, 23 जून। रिश्तेदार के यहां मांगलिक कार्यक्रम में गये साहू परिवार के यहां अज्ञात चोरों ने दो लाख से अधिक के जेवर एवं नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बिरेझर पुलिस ने घर का मुआयना किया। दोपहर 2 बजे समाचार लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।

ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुरुद थाना एवं बिरेझर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत मडेली में गुरुवार रात बाजार चौक निवासी बेंदराम साहू के सूने घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने आलमारी एवं पेटियों में रखे सोने चांदी के जेवर एवं नगदी की चोरी कर ली।

पीडि़त परिवार के पुत्र योगेश साहू ने बताया कि घटना वाले दिन चार सदस्यीय परिवार घर में ताला लगाकर रिश्तेदार के यहां ग्राम गातापार गये हुए थे। उसी रात घर में चोरी हो गई।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह पड़ोसी ने घर का दरवाजा खुला देख हमें खबर दी, तब हम लोग घर वापस लौटे और देखा कि अज्ञात चोरों ने सारा सामान अस्त व्यस्त कर करीब दो लाख रुपए से अधिक के जेवर और 15 हजार नगद राशि की चोरी कर ली है। हमने पुलिस को घटना की खबर कर दी है।

 इस मामले में चौकी प्रभारी गोवर्धन सिंह ठाकुर ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद ही पुलिस अज्ञात चोरों का पतासाजी में जुटेगी।


अन्य पोस्ट