धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 16 जून। शरीर सौष्ठव के खेल में लगातार 32 वर्षों से साधनार धीवर समाज और धमतरी नगर का नाम रोशन करने वाले रमेश हिरवानी को एशिया महाद्वीप में बॉडी बिल्डिंग खेल में 22 अक्टूबर 1994 से 26 फरवरी 2023 तक सबसे अधिक 24 बार व्यक्तिगत टाइटल जीतने के लिए 5 जून 2023 को गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि रमेश हिरवानी ने यह उपलब्धियां बिना कोई सप्लीमेंट्री लिए छत्तीसगढ़ में उपलब्ध सामान्य भोजन सब्जियां ग्रहण करके प्राप्त किया। उन्होंने सिद्ध किया कि छत्तीसगढ़ की हवा पानी, माटी और अन्न में इतनी शक्ति है कि दूसरा कोई शक्तिवर्धक सप्लीमेंट्री लेने की आवश्यकता ही नहीं है। रमेश हिरवानी की वर्ष 1989 से 2023 तक प्राप्त पदों की बहुत लंबी फेहरिस्त है। संक्षेप में वह 2 बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थाईलैंड एवं इंडोनेशिया में भाग लिया। 11 बार सीनियर बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप जबलपुर, जालंधर, चंडीगढ़, भिलाई, भुवनेश्वर, कुच बिहार, हैदराबाद में खेले। 7 बार मास्टर्स नेशनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप (रजत एवं कांस्य) नासिक, बारामती, खम्मम आंध्रप्रदेश, दल्लीराजहरा, इंदौर, लुधियाना, अमलापुरम जीते। 2 बार वेस्टर्न इंडिया चैंपियनशिप जीते। 5 बार मिस्टर मध्यप्रदेश, 9 बार मिस्टर छत्तीसगढ़ सीनियर, 15बार मिस्टर छत्तीसगढ़ बने, जिसमें 6 बार ओव्हर आल चैंपियन सीनियर वर्ग में बने। 6 बार मिस्टर छत्तीसगढ़ ओव्हर ऑल चैंपियन मास्टर वर्ग में बने।
उन्होंने शरीर सौष्ठव को लोकप्रिय बनाया नई ऊंचाइयां दी। भारत देश का नाम एशिया महाद्वीप के गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में दर्ज करवाने में कामयाब रहे। उनके इन उपलब्धियों को देखते हुए धीवर समाज धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने रमेश हिरवानी को पद्मश्री पुरस्कार दिए जाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष से भेंटकर उन्हें अनुशंसा पत्र देकर केंद्र सरकार तक समाज की भावना को पहुंचाने का अनुरोध किया। समाज के प्रतिनिधि मंडल में महासंरक्षक परमेश्वर फुटान, अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद जगबेडहा, सोहन धीवर, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष संध्या हिरवानी, सुशील जलक्षत्री, कृष्णा हिरवानी, सुशीला धीवर, शीला धीवर, आरंग के पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय शामिल थे।


