धमतरी

हड़ताली पटवारियों ने कहा इस बार आर-पार की है लड़ाई
17-May-2023 4:41 PM
हड़ताली पटवारियों ने कहा इस  बार आर-पार की है लड़ाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 17 मई। आठ सूत्रीय मांग को लेकर कुरूद तहसील के पटवारी बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं। जिससे किसानों और जमीन जायदाद से जुड़े पक्षकारों को भटकना पड़ रहा है।

  15 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल कर स्वामी विवेकानंद स्टेडियम के सामने 43 डिग्री तापमान में तंबू तान कर कुरूद तहसील के पटवारी धरना प्रदर्शन में बैठे हैं। अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर सरकार को जगाने  का प्रयास कर रहे पटवारियों ने बताया कि पिछले चार सालों से अपनी वाजिब मांगों को शासन के समक्ष रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक इसका निराकरण नहीं हुआ है।

इस संबंध में राजस्व पटवारी संघ जिलाध्यक्ष जिवराखन कश्यप ने बताया कि अपनी मांगे मनवाने हम इसके पहले भी हड़ताल पर बैठे थे, तब राजस्व मंत्री जयसिंग अग्रवाल के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित किया गया था, पर आज तक शासन ने हमारे लिए कुछ नहीं किया तो मजबूरन हमें फिर से हड़ताल पर जाना पड़ा है।

संघ के प्रांतीय प्रवक्ता वीरेंद्र बैस का कहना है कि अधिकारी हमें मुख्यालय  निवास के लिए बाध्य करते हैं, जहां रहने को घर, बैठने को दफ्तर और दूसरे संसाधनों का कोई इंतजाम नहीं होता। हर गांव में रोड़ एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी होने से अब वो पुरानी व्यवस्था बेमानी हो गई है। तहसील अध्यक्ष डोमन बंजारे ने कहा कि द्वेषवश कोई भी व्यक्ति थाने में किसी भी पटवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा देता है, हमारी मांग है कि शिकायत की पहले विभागीय जांच हो, सच होने पर ही एफआईआर दर्ज कराई जाए।

 बुधवार को हड़ताल पर बैठे साथी पटवारियों का हौसला अफजाई करने कुरुद पहुंचे प्रांताध्यक्ष भागवत कश्यप ने संघ की प्रमुख मांगों के बारे में बताया कि ऑनलाइन कार्य करने हेतु कम्प्यूटर, लैपटॉप व इंटरनेट भत्ता, वरिष्ठता आधार पर राजस्व निरीक्षक पद में पदोन्नति, 2800 ग्रेड पे, भर्ती अर्हता स्नातक करने, बिना विभागीय जांच के एफआईआर नही करने, मुख्यालय निवास की बाध्यता समाप्त करने आदि शामिल है। इस बार हम ठान कर बैठे हैं कि जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाएगी तब तक हम काम पर नहीं लौटेंगे।

 इस मौके पर  पालसिंह ध्रूव, प्रेमलाल साहू, लालजी ध्रुव, खोवाराम साहू, योगेंद्र कलमकार, रामरतन ध्रुव, किशोर कुंभज, लीलेश सोम, लक्ष्मण नरेटी, वेदप्रकाश साहू, संजय, राजेश, शैलेंद्र चंद्राकर, धनंजय सिंग, शशि साहू, रजनी आनेश्वरी, त्रिवेणी साहू ,अंजली मत्स्यपाल, रेवती साहू  उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट