धमतरी
कुरुद जनपद सामान्य सभा की बैठक में संकल्प पारित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 मई। जनपद पंचायत में हुई सामान्य सभा की बैठक में विपक्षी सदस्यों ने आगे पाठ पीछे सपाट वाली कार्यप्रणाली को लेकर असंतुष्टि जताते हुए पूर्व में लिए गए निर्णयों की समीक्षा एवं लापरवाह अधिकारियों पे लगाम कसने की मांग उठाई। बैठक में हमेशा की तरह विभागीय अधिकारियों को समय पर ठीक-ठाक काम पूरा करने का निर्देश दिया गया।
जनपद पंचायत कुरूद के सभाहाल में शारदा लोकनाथ साहू की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक हुई। जिसमें सदस्यों ने विभागवार विभिन्न प्रस्ताव पर चर्चा कर उनका अनुमोदन किया। मिटिंग की सूचना देने के बाद भी लगातार कई बैठकों में बगैर सूचना के अनुपस्थित रहने वाले वन परिक्षेत्राधिकारी महादेव कन्नौजे की इस दिलेरी से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी सदस्यों ने भारी आक्रोश जताते हुए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की अवहेलना करने वाले जंगल विभाग के इस अधिकारी के खिलाफ संकल्प पारित कर कलेक्टर को शख्त कार्यवाही करने का प्रस्ताव भेजा है।
बैठक में मनरेगा अधिकारी कुन्ती देवांगन द्वारा मनरेगा से संबंधित कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सरबदा सरपंच को गौठान प्रारंभ करने हेतु निर्देशित किया गया है, साथ ही 15 जून से तकनीकी सहायकों का क्षेत्र यथास्थिति बदला जायेगा, वर्ष 2020-21 तक के स्वीकृत कार्य 15 जून 2023 तक पूर्ण कराने हेतु निर्देश दिया गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा प्रस्तुत जानकारी का अवलोकन कर नल-जल योजना की पानी टंकियों की साफ-सफाई ग्राम पंचायत के माध्यम से साल में 2 बार करवाने एवं नवनिर्मित टंकियों में गेट लगा अनहोनी की आशंका को दूर करने का निर्देश दिया गया।
कृषि विकास अधिकारी से खाद बीज के लक्ष्य के बारे में जानकारी लेकर किसानों को सही समय में खाद-बीज प्रदाय करने का निर्देश दिया गया । इसी तरह सहकारिता विभाग को निर्देशित किया गया कि किसी भी सोसायटी में खाद की कमी नहीं होना चाहिए।
बैठक में विपक्षी सदस्यों ने काम्प्लेक्स किराया और गौठान समिति की जानकारी मांगी, इसी तरह पूर्व में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। भेंट मुलाकात करने कुरुद विधानसभा में पहुंचे मुख्यमंत्री द्वारा की गई 54 लाख रुपए की घोषणा के तहत सभी जनपद सदस्यों से अपने क्षेत्र में 2-2 लाख, उपाध्यक्ष 3 लाख एवं अध्यक्ष से 5 लाख रुपए के विकास कार्यों का प्रस्ताव मांगा गया है।
सर्व कुर्मी समाज महिला जिलाध्यक्ष बनीं निधि
महासमुंद,16मई। सर्व कुर्मी क्षत्रिय समाज महिला प्रकोष्ठ महासमुंद की जिला स्तरीय बैठक में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष लता ऋषि चंद्राकर, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ सर्व कुर्मी समाज महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशध्यक्ष तारा चंद्राकर ने सर्वसम्मति से निधि लोकेश चंद्राकर को सर्व कुर्मी समाज की जिला अध्यक्ष की घोषणा की है। बैठक में सामाजिक व्यवस्था के सुचारू संचालन एवं दशा व दिशा तय करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
वर्तमान में जनपद सदस्य निधि लोकेश चंद्राकर द्वारा कोविड के समय समाज क़े प्रति सेवा, एवम् राजनीतिक कार्यों में सेवा समर्पण की भावना को देखते हुए सर्व सम्मति से महासमुंद की सर्व कुर्मी क्षत्रिय समाज महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
निधि ने नियुक्ति पर श्रीफल भेंट कर तिलक लगा कर सभी वरिष्टजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। निधि ने अपने उदबोधन में कहा कि समाज के सर्वांगींण विकास के लिए हम सबको मिलजुलकर समाज हित और जनहित में कार्य करना है। प्रदेशध्यक्ष तारा चंद्राकर ने कहा कि सही नेतृत्व से ही समाज की दिशा व दशा तय होती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि निधि लोकेश चंद्राकर के रूप में सर्व कुर्मी समाज को योग्य और मेहनती नेतृत्वकर्ता मिली है। इनके नेतृत्व में समाज सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष लता ऋषि चंद्राकर ने कहा कि संगठन का काम समाज के लोगों को जोडऩा और समाज के कल्याण और विकास के लिए सेवा करना हौ। धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए लता ऋषि चंद्राकर ने कहा कि मैं करूं, तुम करो, कुछ हो नहीं सकता, कम करें, हम सब मिलकर करें, क्या हो नहीं सकता।
बैठक में न्याय कमेटी उपाध्यक्ष मीना कोमल चंद्राकर, पुष्पा चंद्राकर, मीना गिरिजा चंद्राकर, भारती राजेंद्र चंद्राकर, प्रतिभा चंद्रिका चंद्राकर, स्मिता चंद्राकर, शकुन चंद्राकर, सरपंच कामिनी चंद्राकर, सुधा चंद्राकर, निर्मला चंद्राकर, नमिता चंद्राकर, रिया चंद्राकर,कोमल चंद्राकर, कोमखान से लोकेश चंद्राकर जनपद प्रतिनिधि आदि वरिष्ठजन उपस्थित थे। सभी ने नई जिम्मेदारी के लिए निधि को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हंै।


