धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 29 अप्रैल। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा धमतरी द्वारा तेन्दूपत्ता जन आन्दोलन के तहत कल तेन्दूपत्ता खरीदी समिति दुगली में जन चौपाल लगाया गया। इस जन चौपाल में तेंदूपत्ता खरीदी में संग्रहाकों/ हितग्राहियों, मुंशियों को हो रहे नुकसान के साथ-साथ अन्य वनोपज पर जनजाति वर्ग को यथोचित लाभ नहीं मिलने का मुद्दा उठाया गया।
महेन्द्र नेताम अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने बताया कि दुगली समिति कार्यालय के पास जन चौपाल लगाया गया जहाँ देवगांव की ललिता बाई, मीना यादव, खेमिन, सत्या मंडावी, मुनईकेरा के हिरदे नेताम, गणेश मरकाम, नरेश नेताम, दिनकरपुर की सुगन बाई, गीता, मनराखन, मोतीराम, अमरीका बाई मिथला बाई, राजेश सहित दुगली, कौहाबाहरा, जबर्रा के आसपास के संग्राहकों से संपर्क किया गया।
जन चौपाल में वर्तमान सरकार से तेंदूपत्ता खरीदी दिवस 15 दिन करने, पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की भांति तेंदूपत्ता बोनस तथा पिछले वर्षों का प्राप्त बोनस भी दिये जाने, तेंदूपत्ता संग्राहक/हितग्राहियों को जीवन बीमा, चरण पादुका, साड़ी तथा संग्राहक परिवार के पढ़ाई करने वाले बच्चों को छात्रवृत्ति जैसे सुविधाएं पूर्व की भांति देने, अभ्यारण क्षेत्रों में निवासरत जनजाति परिवारों को पूर्व की भांति मुआवजा देने, जन घोषणा पत्र के अनुरूप तेंदूपत्ता प्रबंधकों को तृतीय वर्ग कर्मचारी घोषित करने तथा तेंदूपत्ता मुंशियों को 12 हजार वार्षिक मानदेय देने की मांग रखी।
उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल तक जन चौपाल लगाकर संग्राहकों को जागरूक किया जाएगा। जन चौपाल को सफल बनाने में अजजा मोर्चा के महेन्द्र नेताम के साथ राजाराम मंडावी पूर्व उपाध्यक्ष जिला पंचायत, भीखम मरकाम, आशाराम ओटी दुगली, हरिक नेताम दिनकरपुर, सदाराम यादव देवगांव, श्यामा मंडावी, घनाराम टांडेश कौहाबाहरा का विशेष योगदान रहा।


