धमतरी

नवोदय की परीक्षा देने जा रहे छात्र की सडक़ हादसे में मौत
29-Apr-2023 8:06 PM
नवोदय की परीक्षा देने जा रहे छात्र की सडक़ हादसे में मौत

पिता सहित दो घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नगरी, 29 अप्रैल। आज नगरी क्षेत्र में हुए  सडक़ हादसे में 12 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बच्चे के पिता सहित दो लोग घायल हो गए। ये हादसा उस वक्त हुआ, जब 12 वर्षीय छात्र अपने पिता और एक अन्य व्यक्ति के साथ नगरी नवोदय विद्यालय की परीक्षा देने जा रहा था।    

जानकारी के मुताबिक दुगली के बिरनपारा निवासी कुलेश्वर चक्रधारी अपने पिता नरेंद्र चक्रधारी और गाँव के एक युवक भूपेंद्र सलाम के साथ बाइक से नगरी नवोदय विद्यालय की परीक्षा देने जा रहा था। उसी दौरान नगरी, धमतरी मार्ग पर डोंगरडुला के पास ट्रक पलट गया, जिसमें बाइक सवार दब गए।

हादसे में 12 वर्षीय छात्र कुलेश्वर चक्रधारी की मौके पर मौत हो गई, वहीं उनके पिता सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों में भूपेंद्र सलाम की हालत गंभीर बताई जा रही है, उन्हें उपचार के लिए धमतरी भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि ट्रक धमतरी से नगरी की तरफ जा रहा था और बाइक सवार लोग धमतरी से नगरी की तरफ आ रहे थे,  तभी डोंगरडुला के पास मवेशी आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में ट्रक पलट गया, जिसमें बाइक सवार लोग दब गए और बच्चे की मौके पर मौत हो गई।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। इधर, बच्चे की मौत से गाँव में मातम पसर गया है।


अन्य पोस्ट