धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 29 अप्रैल। अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए सजग कुरुद विधानसभा क्षेत्र के लोगों से भेंट मुलाकात करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने सादगी से जनसेवा बढिय़ा उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने बिना तामझाम के क्षेत्र को करोड़ों की सौगात दी । वे जनता से सीधे जुड़े और कल्याणकारी शासकीय योजनाओं की जमीन हकीकत की पड़ताल की। अपने दौरे में उन्होंने टिकट के रेस में शामिल किसी भी कांग्रेसी को अतरिक्त माहत्व ना मिले इस बात का भी ख्याल रखा । कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि सीएम के दौरे से क्षेत्रिय क्षत्रपों को अपना कद बढ़ाने का कोई मौका नहीं मिला।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट मुलाकात के बहाने कुरुद विधानसभा के उस इलाके में पहुंचे जहां के मतदाताओं ने पिछले चुनाव में भाजपा को खासी बढ़त दिलाई थी। ग्राम पंचायत हंचलपुर में गोबर पेंट उधोग को लेकर विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने पूर्व में कई गंभीर सवाल खड़े किए थे, मुख्यमंत्री ने वहां जाकर सियासी तौर पर उसका जवाब दे दिया। राजनीतिक तौर पर काफी जागरूक माने जाने वाले भखारा ब्लाक के घनी आबादी वाले बड़े गांव में जन सभा कर सीएम ने जता दिया कि इस बार यहां विपक्ष को मौका नहीं देंगे। सेमरा में मुख्यमंत्री ने मंच पर धमतरी के कुछ नेता और अधिकारियों को ही बिठाया, लेकिन साथ बैठने की हसरत भरी निगाहों से मंच की ओर निहार रहे किसी भी बड़े नेताओं को उन्होंने कोई तवज्जो नहीं दी। जिससे हफ्ते भर से तामझाम, बैनर पोस्टर जैसी तैयारियों में जुटे आधे दर्जन दावेदारों के चेहरों में मायूसी नजर आई। लेकिन टिकट के रेस से बाहर भखारा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कोसरे को भरे मंच से संबोधित कर मुख्यमंत्री ने उनका ग्राफ बढ़ा दिया।
सेमरा में लोकार्पण, भूमिपूजन,मेल मिलाप, खाना पीना कर सीएम का काफिला कुरुद पहुंचा। रेस्टहाउस में श्री बघेल ने विभिन्न समाज के प्रतिनिधियों से भेंट कर समाजिक उद्देश्य के लिए राशि प्रदान की। यहां भी सुरक्षा में तैनात अधिकारियों ने धमतरी के नेताओं को बेरोकटोक अंदर जाने की इजाजत दी लेकिन कुरुद के कांग्रेसियों को बाहर ही कड़ी धूप में तपाते रहें । अपने ही नेता से मिलने धक्का मुक्की खाते गेट पर खड़े एक महामंत्री खुद को गृहमंत्री का करीबी बता पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कराने की धमकी देते नजऱ आएं। बाद में संगठन के हस्तक्षेप के बाद कुछ लोगों को प्रवेश मिला तब कहीं जाकर वें मुख्यमंत्री को करीब से देख पाए।
मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में नीलम चन्द्राकर, भरत नाहर, तपन चंद्राकर, राजकुमारी दीवान, शारदा साहू, तारिणी चन्द्राकर, सुमन संतोष साहू, राखी चन्द्राकर, आशीष शर्मा, मुकेश कोसरे, मंजू प्रमोद साहू, जानसिंग यादव,रमेशर साहू, देवव्रत, मनीष, डुमेश, उत्तम साहू,रजत चन्द्राकर, महिम शुक्ला, रिज़वान रिजवी, योगेश कुर्मी, थानेश्वर, ईश्वरी तारक, डिलन चन्द्राकर, पप्पू राजपूत,टुकेश साहू, खेमराज चन्द्राकर आदि कांग्रेसी शामिल थे। अंत में कुरुद प्रेस क्लब के सदस्यों ने सीएम को ज्ञापन सौंपा तो उन्होंने पत्रकार मूलचंद सिन्हा, ज़माल रिज़वी, धनसिंह सेन, गणेश, यशवंत साहू से चर्चा करते हुए नये प्रेस भवन के लिए बीस लाख रुपए देने की घोषणा की।


