धमतरी
नगरी, 27 अप्रैल। राज्य के सभी प्राथमिक शालाओं में अंगना म शिक्षा 3.0 के अंतर्गत पढ़ई-तिहार कार्यक्रम का आयोजन 25 अप्रैल को संपन्न हुआ। इसी कड़ी में प्राथमिक शाला मुनईकेरा में माताओं, एसएमसी और बच्चों की उपस्थिति में पढ़ई-तिहार का आयोजन किया गया। साथ ही कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों को विदाई दी गई। सर्वप्रथम कार्यक्रम का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए माताओं और एसएमसी सदस्यों को आमंत्रित किया गया। तत्पश्चात छोटे बच्चों का सपोर्ट कार्ड के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों द्वारा उनका परीक्षण किया गया जिसे माताओं तथा शेष बच्चों ने बड़े ध्यान से देखा। सपोर्ट कार्ड में बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक, भाषाई और गणितीय कौशलों से संबंधित क्रिया कलाप दिए गए हैं, जिन्हें बच्चों ने भलीभांति पूरा किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मुनईकेरा के सरपंच महेन्द्र नेताम, एसएमसी अध्यक्ष श्री परमेश्वर मंडावी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में माताएं और बच्चे उपस्थित हुए। सरपंच महेन्द्र नेताम द्वारा अपने उद्बोधन में शिक्षा के महत्व और अंगना म शिक्षा कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को आत्मविश्वास के साथ मेहनत करने की प्रेरणा दी। एक्टिव मदर कम्युनिटी के अंतर्गत स्मार्ट माता का भी चयन किया गया।
उपस्थित पालकों द्वारा सर्वसम्मति से मीनाबाई ध्रुव को स्मार्ट माता का खिताब दिया गया, उन्हें पट्टिका तथा हार पहनाकर सम्मानित किया गया। सभी ने नए स्मार्ट माता को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


