धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 12 अप्रैल। अधिवक्ता संघ मे अगले दो सालों के अध्यक्ष चुनने वोट डाले जा रहे हैं। उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव,सह- सचिव पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं। अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता मुकेश साहू एवं रमेश पाण्डे के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। चुनाव परिणाम आज शाम तक जारी होने की संभावना है।
ज्ञात हो कि पिछले दिनों कुरुद अधिवक्ता संघ की बैठक में चुनाव के माध्यम से नवीन कार्यकारिणी चयन का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके लिए वरिष्ठ अधिवक्ता बीडी साहू को चुनाव अधिकारी के तौर पर चुनाव संचालन का कार्यभार सौंपा गया। 25 मार्च को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।
चुनाव अधिकारी बीडी साहू ने बताया कि अध्यक्ष पद पर चुनाव लडऩे दो लोगों ने नामांकन फार्म लिया है। उपाध्यक्ष हेतु नरेश डिंगरे, सचिव पद के लिए मोहेन्द्र चन्द्राकर, कोषाध्यक्ष- यशवंत साहू, सांस्कृतिक सचिव-हेमंत निर्मलकर, सहसचिव हेतु श्याम शंकर चन्द्राकर ने नामांकन फार्म लिया था। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन पांच पदों के प्रत्याशियो को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। वर्तमान में मात्र अध्यक्ष पद के लिए ही मतदान प्रक्रिया जारी है।
भखारा, मगरलोड तहसील को मिला कर बने कुरुद अधिवक्ता संघ में करीब 73 सदस्य बताए गए हैं। अध्यक्ष पद के दोनों ही प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने शाम-दाम, दंड-भेद की निति अपना चुके हैं। समान्य और ओबीसी वर्ग का उम्मीदवार होने से दोनों ही खेमे में अंदरूनी राजनीति होने की खबर है। वकीलों के इस चुनाव में पर्दे के पीछे से दोनों ही प्रमुख पार्टियां एक ही उम्मीदवार को जिताने में लगी है।
कुछ घंटे बाद परिणाम आने से पता चलेगा कि किसका दांव निशाने पर लगा है।


