धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 7 अप्रैल। नगर निगम धमतरी में 11 अप्रैल को बजट पेश किया जाएगा। गुरुवार को सभापति अनुराग मसीह ने सभाकक्ष में सत्तापक्ष और विपक्ष के पार्षदों को बजट सत्र की तैयारियों से अवगत कराया।
इस मौके पर बजट के दौरान होने वाली प्रश्नोत्तरी के लिए लॉटरी भी निकाली गई। सभाकक्ष में नेता प्रतिपक्ष नरेन्द्र रोहरा की उपस्थिति में लॉटरी निकाली गई, जिसमें प्रश्नोत्तरी सत्र में सबसे पहले सवाल करने के लिए भाजपा पार्षद धनीराम सोनकर का नाम निकला। इसी तरह सबसे अंत में बनियापारा की भाजपा पार्षद प्रार्ची सोनी सवाल करेंगी। दो-दो सवाल पूछा जाएगा।
50 फीसदी भी नहीं मिली बीते बजट प्रस्ताव में से राशि
महापौर विजय देवांगन की अगुवाई में बैठी परिषद से शहर की जनता को काफी उम्मीदें बंधी। तीन साल का कार्यकाल भी बीत गया, लेकिन जिन बड़ी योजनाओं के लिए बीते 3 सालों से बजट में पास कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, उन कार्यों में से 50 फीसदी भी राशि नहीं मिली, जिसके चलते शहर का विकास प्रभावित हो रहा है। इस तरह बीते साल 37 लाख 80 हजार रुपए का बजट लाया गया था।


