धमतरी

भाजपा सिर्फ इतना बता दें, मोदी-अडानी के बीच रिश्ता क्या है ....?
06-Apr-2023 3:56 PM
भाजपा सिर्फ इतना बता दें, मोदी-अडानी के बीच रिश्ता क्या है ....?

कुरुद में प्रेस वार्ता लेकर कांग्रेस ने पूछे सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 6 अप्रैल।
मोदी सरकार ईडी, सीबीआई, आईटी को हथियार की तरह उपयोग कर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालो को प्रताडि़त करने का काम कर रही है, अडानी का मुद्दा उठाने पर राहुल गांधी को लोकसभा से बाहर कर दिया गया। उक्त बातें प्रेस से रुबरू होकर छत्तीसगढ़  नि:शक्त जन आयोग अध्यक्ष मोहन लालवानी ने  कही।

मंगल भवन कुरूद के सभाहाल में बुधवार को कुरुद विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी में धमतरी से पहुंचे श्री लालवानी ने पत्रकारों को बताया कि लोकतंत्र की रक्षा में आम जनता के साथ सडक़ की लड़ाई लडऩे अब कांग्रेसी बिना डरे आगे आएंगे।
राहुल गांधी की सासंद सदस्यता खत्म करने का सिलसिलेवार ब्यौरा देने व ईडी, सीबीआई,आईटी के दुरूपयोग का कुछ उदाहरण देते हुए श्री लालवानी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से घबराकर भाजपा ने कोर्ट की मदद से राहुल गांधी को जेल भेजने का इंतजाम कर दिया। अडानी के पास 20 हजार करोड़ रूपये कहां से आये पूछने पर मोदी सरकार ने राहुल की सासंदी छिनवा दी।

संसद में विपक्ष धर्म निभाते हुए कांग्रेस ने अडानी एवं मोदी के रिश्तो पर प्रश्न पूछकर देश में एक नई बहस छेड़ी, जिससे भाजपा और केन्द्र सरकार बौखला गयी है। इसी लिए दिल्ली में राहुल गांधी का बंगला आनन फानन मे खाली कराया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी अपने नेता के खिलाफ हुई कार्रवाई की घोर निंदा करती है.

भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करना, बेरोजगारी की समस्या, महिलाओं पर अत्याचार, और संसद में राहुल गांधी के बयान को कार्यवाही मे शामिल न करना आदि मामलों को लेकर कांग्रेस अब सडक़ की लड़ाई लड़ते हुए जनता की अदालत में जाकर इंसाफ मांगेगी।

श्री लालवानी ने प्रदेश मे कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन सहित अन्य लोगो पर ईडी की कार्यवाही की निंदा करते हुये पूछा कि आज तक इन छापों के संबंध में विभाग द्वारा कोई भी जानकारी न देना समझ से परे है। आखिर ईडी क्यों नहीं बताती कि छत्तीसगढ़ में ईडी के छापो में किसके यहां क्या मिला?

प्रेसवार्ता में नपं अध्यक्ष तपन चन्द्राकर, जनपद अध्यक्ष  शारदा साहू, मंडी अध्यक्ष नीलम चन्द्राकर, ब्लाक अध्यक्ष आशीष शर्मा, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भरत नाहर, जिपं सभापति तारिणी चन्द्राकर, सोसायटी अध्यक्ष रमेशर साहू, घनश्याम चन्द्राकर आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट