धमतरी

25 दिनों में 1 हजार प्रगणक करेंगे जिले के 370 पंचायतों में सर्वेक्षण
06-Apr-2023 3:11 PM
25 दिनों में 1 हजार प्रगणक करेंगे जिले के 370 पंचायतों में सर्वेक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 धमतरी, 6 अप्रैल। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुसार 1 अप्रैल से प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत परिवारों का सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण शुरू हो गया, जो 30 अप्रैल तक चलेगा। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मगरलोड के मेघा, राजपुर, सरगी और छिपली में चल रहे सर्वे का काम देखा।

कलेक्टर रघुवंशी हितग्राहियों के घर पहुंचे और प्रगणकों से सर्वे वाले एप में एंट्री करवा कर सर्वे कार्य देखा। उन्होंने फॉर्म में भरी जाने वाली जरूरी जानकारी और दस्तावेजों का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने सभी सर्वे दलों से कहा कि आपको मिले गांवों के कुल घर के हिसाब से प्रतिदिन सर्वे का लक्ष्य तय कर उसे पूर्ण करते चलें, जिससे काम व्यवस्थित तरीके से हो। उन्होंने सभी सुपरवाइजर को लगातार फील्ड की मॉनिटरिंग करने के लिए कहा, जिससे यदि कहीं कोई परेशानी हो तो उससे तत्काल दूर किया जा सके। 

सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण हेतु परिवार की इकाई राशन कार्ड तथा सर्वेक्षण के लिए बेसिक डाटा खाद्य विभाग द्वारा बनाए गए राशन कार्ड की जानकारी से प्राप्त किए जा रहे हैं। ऐसे परिवार, जिनके राशन कार्ड नहीं बने हैं, उनकी सूची मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत से ली जाएगी तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी स्थिति में उक्त परिवार सर्वेक्षण से छूटे नहीं। ग्राम पंचायत स्तर में सर्वे करने प्रगणक दल का गठन किया गया है, जिसमें 1 महिला सदस्य एवं 1 पुरुष सदस्य शामिल हैं। कार्य के सुचारू संचालन के लिए जनपद स्तर पर सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। सर्वे के दौरान सर्वेक्षित परिवार से जुड़ी जानकारी एकत्र किया जाएगा, ताकि किसी योजना के तहत दिए जाने वाले अनुदान हेतु पृथक से दस्तावेजों की मांग करने की आवश्यकता न हो।

30 दिनों में 1 हजार प्रगणक पूरा करेंगे सर्वे

सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा। धमतरी जिले के सभी चार विकास खंडों के लिए प्रगणक और सुपरवाइजर की टीमें नियुक्त की गयी हैं तथा 370 ग्राम पंचायतों के लिए एक हजार प्रगणक दल का गठन किया गया है। कार्य की मॉनिटरिंग के लिए 126 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुरूद सोनाल डेविड और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मगरलोड चेतन ध्रुव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट