धमतरी

मगरलोड और नगरी के जंगल में 3 दंतैल हाथी घूम रहे
15-Mar-2023 3:12 PM
मगरलोड और नगरी के जंगल में 3 दंतैल हाथी घूम रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता  
धमतरी, 15 मार्च।
इस महीने के शुरुआत में दंतैल हाथी ने 2 लोगों को पटक कर मार डाला, इसके बावजूद लोग जंगल में आने-जाने से परहेज नहीं कर रहे है। बार-बार मनाही के बाद भी लोग हाथी प्रभावित गांवों में महुआ बीनने के नाम पर जंगल चले जा रहे हैं।
मगरलोड और नगरी ब्लॉक में इन दिनों 3 दंतैल हाथी विचरण कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भारी दहशत का आलम हैं। मार्च के महीने के शुरूआती दिनों में ही दंतैल हाथी ने बोरसी और चारभाठा में 2 लोगों को पटक-पटक कर मार डाला।

वन विभाग की ओर से हाथी प्रभावित गांवों में रोजाना मुनादी कराई जा रही हैं, लेकिन महुआ बीनने के नाम पर कुछ लोग मनमानी कर रहे हैं। समझाइश के बाद भी महुआ बीनने और लकड़ी लाने के लिए जंगल चले जा रहे हैं। मंगलवार को 2 दंतैल हाथी दुगली परिक्षेत्र के जबर्रा के जंगल में विचरण कर रहे थे। इससे यहां जबर्रा के साथ चारगांव, खरखा, गजकन्हार, तुमबाहरा को अलर्ट कर दिया गया है, वहीं एक दंतैल बनबगौद के वन कक्ष क्रमांक 147 में है।

जीविकोपार्जन की समस्या
गर्मी सीजन शुरू होते ही पेड़ों से महुआ गिरने लगा है। वनवासी इसे एकत्रित कर बेचते हैं। इससे किसी तरह उनका परिवार का पालन पोषण होता है। दूसरी ओर हाथी के भय से वन विभाग के अधिकारी उन्हें जंगल में जाने से रोकने अलर्ट कर दिए हैं। वनवासियों का कहना है कि ऐसे में उनके सामने जीविकोपार्जन की समस्या पैदा हो गई है।

 


अन्य पोस्ट