धमतरी

5858 जाति प्रमाण के आवेदन लंबित, पूर्ण करने के निर्देश
15-Mar-2023 2:58 PM
5858 जाति प्रमाण के आवेदन लंबित, पूर्ण करने के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 धमतरी, 15 मार्च।
समय-सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई। इस दौरान स्कूलों में बनाए जाने वाले जाति प्रमाण-पत्र के संबंध में कहा कि बचे हुए लंबित प्रकरणों की व्यावहारिक दिक्कतें दूर करते हुए जल्द से जल्द बनवाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 65 हजार 331 के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक 59 हजार 473 जाति प्रमाण पत्र तैयार कर विद्यार्थियों को वितरित किया जा चुका है जबकि 5 हजार 858 आवेदन लंबित हैं। कलेक्टर ने ग्राम सभा के अनुमोदन पश्चात निराकरण करते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को इसे प्राथमिकता से निष्पादित करने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा आश्रम छात्रावासों में किचन गार्डन तैयार कर ग्रीष्मकालीन सब्जियों की पैदावार लेने, आंगनबाड़ी केन्द्रों के स्वीकृत भवनों का शीघ्रता से निर्माण कार्य पूर्ण कराने, जर्जर हो चुके स्कूलों का सुधार कार्य कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश
राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों की गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश सभी राजस्व अधिकारियों को कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार दोपहर 3 बजे से बैठक लेकर अनुविभाग स्तर एवं तहसील स्तर पर लंबित प्रकरणों की सिलसिलेवार जानकारी लेकर उनका निर्धारित समय-सीमा में निबटारा करने के लिए निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अनावश्यक पेशी और तिथि पर तिथि बढ़ाने के बजाय विलंब होने के कारणों का निदान करते हुए प्रकरणों का निराकरण करें। बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी, आरके कृपाल सहित सभी अनुभाग के राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौजूद थे।

 


अन्य पोस्ट