धमतरी

शिवसेना छत्तीसगढ़ की सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव-पांडे
14-Mar-2023 3:42 PM
शिवसेना छत्तीसगढ़ की सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव-पांडे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 14 मार्च।
लोकतंत्र का तकाजा है कि हर पांच साल में सरकार बदल दें। छत्तीसगढ़ के मतदाताओं ने भाजपा और कांग्रेस की सरकार देखी है, दोनों ही पार्टियों ने भ्रष्टाचार सहित तमाम मुद्दों पर उन्हें निराश किया है। अबकी बार शिवसेना प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड एक विकल्प पेश करेगी उक्त बातें प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मधुकर पांडे ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।

सोमवार को छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर प्रांगण में आयोजित प्रेस वार्ता में श्री पांडे ने बताया कि महाराष्ट्र में शिवसेना भाजपा गठबंधन के साथ सरकार चला रही। छत्तीसगढ़ में गठबंधन नहीं होता तो भी हम स्वतंत्र रूप से विधानसभा चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं। मुद्दे को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, आउटसोर्सिंग, किसानों की समस्या सहित आरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर शिवसेना जनता के अदालत में जाएगी।

उन्होंने बताया कि देश में हिन्दूत्व की राजनीति करने वाली शिवसेना अकेली पार्टी रही है। छग में बड़े पैमाने पर हो रहे धर्मांतरण का विरोध कर हमारे लोग ऐसे लोगों को समझा बुझाकर अपने सनातन धर्म में घर वापसी करा रहे हैं। प्रदेश में तीसरी पार्टी की संभावना और आम आदमी पार्टी की सक्रियता को लेकर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए मधुकर ने कहा कि छग में भाजपा-कांग्रेस आपस में मिली जुली है, पहले भाजपा ने 15 साल राज किया और 15 सीटों में सिमटकर रह गई। इस बार कांग्रेस की स्थिति भी यही होगी।

आम आदमी पार्टी को यहां कोई गंभीरता से नहीं ले रहा, शिवसेना चार दशक पुरानी पार्टी है हमारा संगठन पूरे राज्य में सक्रिय है। भूपेश सरकार के कार्यकाल संबंधी प्रश्न के जवाब में कहा कि कुछ हद तक इनका कार्यकाल ठीक है, लेकिन किसानों को खाद, बिजली, पानी एवं धान बिक्री में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

युवाओं के पास न रोजगार है न बेरोजगारी भत्ता। अगर शिवसेना की सरकार बनती है तो हम महाराष्ट्र की तर्ज पर यहां आउटसोर्सिंग को पूरी तरह बंद कर स्थानीय लोगों को रोजगार देंगे। साथ ही अवैध शराब एवं खनिज के मुद्दे पर लगाम लगाने का काम करेंगे।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद सचदेवा ने धमतरी जिला में संगठन विस्तार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वार्ता में प्रदेश महासचिव धरम लाल जांगड़े, संगठन प्रतिनिधि लोकेश ठाकरे, जिला महासचिव राकेश मालेकर, हरिशंकर साहू, धर्मेंद्र कौर, निशिकांत, रूपेश सिन्हा आदि मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट