धमतरी

नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी फरार
04-Mar-2023 7:21 PM
नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी फरार

मगरलोड, 4 मार्च। पांडुका थाने के ग्राम के 38 वर्षीय युवक द्वारा 16 वर्ष की नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना प्रभारी पांडुका जय सिंग धुर्वे ने कहा कि मामले की गंभीरता के मद्देनजर आरोपी की पतासाजी की जा रही है। जल्द ही आरोपी पकड़ा जाएगा। घटना एक मार्च की रात की है। ग्राम में एक परिवार अपने ज्यादातर परिवार जनों के साथ ग्राम में ही अपने घर से थोड़ी दूर पंडवानी का कार्यक्रम देखने गए हुए थे और घर में सिर्फ पीडि़ता के चाचा और मासूम चचेरा भाई था। कार्यक्रम देख कर आने में देर हो सकती है, ऐसा जानकर परिजनों ने बाहर से कुंडी लगा दी थी।

 रात में जब पीडि़ता का चचेरा भाई उठकर अपनी मां को न पाकर रोने लगा, तब चाचा ने फोन कर बाहर की कुंडी निकालने और बच्चे को चुप कराने के लिए कहा, क्योंकि कार्यक्रम स्थल घर से दूर नहीं था, इसलिए पीडि़ता कुंडी खोलने के लिए आई, उसके पीछे-पीछे गांव का ही तेजराम सतनामी उम्र 38 वर्ष ने गलत नीयत से पीडि़ता का मुंह दबाकर छेड़छाड़ किया और गला दबाकर ताकीद किया कि इसका जिक्र किसी से किया तो उसे जान से मार देगा।उसने अपने साथ रखी जहर की शीशी भी दिखाई और कहा कि इस जहर से किसी दिन तुम्हारे पूरे परिवार को मार दूंगा। घटना बाद पीडि़ता भयाक्रांत होकर उस रात घर जाकर चुपचाप सो गई। सुबह हिम्मत बटोर उसने अपनी दादी को घटना की जानकारी दी। पश्चात परिजनों ने मिलकर पांडुका थाने में इसकी रिपोर्ट लिखवाई। जिस पर थाना पांडुका ने दर्ज प्रकरण व मामले की गंभीरता के आधार पर 354 आईपीसी 506 आईपीसी 12 सीएचएल के तहत संज्ञेय धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया।

परिजनों के अनुसार उक्त व्यक्ति एक बार पहले भी पीडि़ता के साथ ऐसी हरकत कर चुका है, जिसे परिजनों ने लोक लाज और समाज जनों के समझाइश के चलते थाना में प्रकरण नहीं दर्ज कराया था। घटना दिनांक से आरोपी अब तक फरार है, जिसकी पतासाजी में पुलिस जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट