धमतरी

83 केंद्रों में होगी 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा, 21 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
25-Feb-2023 2:26 PM
83 केंद्रों में होगी 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा, 21 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 25 फरवरी।
शिव सिंह वर्मा धमतरी में शुक्रवार को 10वीं और 12वीं कक्षा के प्रश्न पत्रों और गोपनीय सामग्री का वितरण हुआ। इस काम के लिए रायपुर से शिक्षा मंडल के प्रतिनिधि संतराम ध्रुव, डीईओ कार्यालय से सहायक संचालक लीलाधर चौधरी, समन्वयक संस्था गर्ल्स स्कूल से वितरण प्रभारी एनके गजेन्द्र की उपस्थिति में जिले के सभी 83 परीक्षा केन्द्रों के लिए प्रश्न पत्र व गोपनीय सामग्री वितरण किया।

सुबह 11 बजे से प्राचार्यों को प्रश्न पत्र दिया गया। समन्वयक केंद्र की कोशिश थी कि शाम होने के पहले सभी स्कूलों के प्राचार्य अपनी संस्था में पहुंच सकें और निकटस्थ थाने में प्रश्न पत्रों को स्ट्रांग रूम रखवा सकें। परीक्षा की तिथियों में क्रमश: विषयवार प्रश्न पत्र निकलवा कर परीक्षा ले सकेंगे।
 

21 हजार से अधिक परीक्षार्थी
जिले के चारों विकासखंड धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड को मिलाकर 83 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। निजी और शासकीय दोनों स्कूलों को मिलाकर इस बार 21 हजार 416 परीक्षार्थी 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इन दिनों स्कूलों प्रवेश पत्र देने का काम किया जा रहा है। 31 जनवरी तक इनकी प्रायोगिक परीक्षाएं ली गई थी। इसके बाद फरवरी में इनकी एंड लाइन परीक्षा ली गई है।

इन थानों में जमा हुए प्रश्न पत्र
शिक्षा विभाग के मुताबिक प्रश्न पत्र और गोपनीय सामग्री लेने के बाद प्राचार्य और उनके प्रतिनिधि ने यह सामग्री संबंधित थानों में जमा करा दिया। इसमें नगरी, मगरलोड, गरियाबंद, बोराई, सिटी कोतवाली, अर्जुनी, भखारा, बिरेझर, चारामा थाना में रखा गया है। इनमें से पड़ोसी जिला गरियाबंद थाना में मोहेरा परीक्षा केन्द्र का तथा कांकेर जिले के चारामा थाना में डूबान अकलाडोंगरी और मोंगरागहन का प्रश्न पत्र जमा कराया गया है।

 


अन्य पोस्ट