धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 22 फरवरी। शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाकर रेप मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि केरेगांव थाना के एक गांव में बीते साल अचानक एक नाबालिग लडक़ी गायब हो गई। परिजनों ने आसपास पतासाजी की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद केरेगांव थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
एसपी प्रशांत ठाकुर ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया। इसके बाद केरेगांव पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। मुखबिरों का जाल भी बिछाया गया। जांच में साइबर सेल की भी मदद ली गई। सायबर सेल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद आरोपी हरिशंकर यादव (23) रायपुर को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से नाबालिग को बरामद कर पूछताछ की।
पुलिस ने बताया कि युवक ने उसे शादी का झांसा देकर भगा ले गया था। युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी हरिशंकर यादव को मंगलवार को दोपहर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।


