धमतरी

जिले के हर ब्लॉक में होगा एक-एक एफपीओ
21-Feb-2023 3:43 PM
जिले के हर ब्लॉक में होगा एक-एक एफपीओ

धमतरी, 21 फरवरी। जिले में किसानों का एफपीओ बनाने का जिम्मा जिन क्लस्टर बेस्ड बिजनेस ऑर्गेनाइजेशन (सीबीबीओ) को मिला है। उनका दायित्व होगा कि वे किसानवार कार्ययोजना बनाएं। यह कार्ययोजना कुछ इस तरह की होगी कि किसानों के आय में मुनाफा हो और फसल चक्र परिवर्तन के लिए प्रोत्साहन मिले।

सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने कृषि योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना बनाकर काम करने कृषि और नाबार्ड के अधिकारियों को निर्देशित किया। जि़ला प्रबंधक नाबार्ड ने बताया कि केंद्रीय क्षेत्र की योजना फार्मेशन एंड प्रमोशन ऑफ एफपीओ के तहत जि़ले के सभी ब्लॉक में एक-एक एफपीओ का गठन किया जाना है। इसके परिपेक्ष्य में सीबीबीओ प्रदान के माध्यम से नगरी में एफपीओ वर्ष 2020-21 से गठित है। नगरी के 12 गांव के 300 किसान इस एफपीओ से जुड़े हैं, जो कि सुगंधित धान, सब्जियां आदि की फसल ले रहे हैं। अब कुरूद, मगरलोड और धमतरी के लिए सिनर्जी क्रॉप साइंस सीबीबीओ एफपीओ गठन का काम करेगा। कलेक्टर ने अव्वल तो नगरी में प्रदान द्वारा अब तक किसानों की आय में वृद्धि के लिए किए गए कामों की जानकारी ली। बताया गया है कि सुगंधित धान और सब्जी उत्पादन से किसानों को जोड़ा गया है।

किसानों को पहुंचाए आमदनी  
कलेक्टर ने साफ तौर पर निर्देश दिए हैं कि एफपीओ गठन के बाद क्षेत्र का कुल फसल क्षेत्र, एफपीओ से जुड़े किसान, लिए जाने वाले फसल आदि को लेकर बेहतरीन कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि जब कार्ययोजना के अनुरूप किसानों की आमदनी में मुनाफा होगा, तब हैंड होल्डिंग के लिए काम कर रहे सीबीबीओ के वास्तव उद्देश्य की पूर्ति होगी।
 


अन्य पोस्ट