धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 19 फरवरी। कुरूद विकासखण्ड के कोर्रा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद अध्यक्ष की पहल पर समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग बच्ची प्राची यादव को व्हील चेयर के साथ एमआर किट नि:शुल्क प्रदाय किया गया ।
शुक्रवार को कुरूद विकासखंड के ग्राम कोर्रा में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांग व समस्याओं को लेकर अधिकारीयों को आवेदन दिया। जिसका त्वरित निराकरण किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत मूरा से आए ग्रामीण मनहोरी यादव ने जनपद अध्यक्ष शारदा साहू से अपनी समस्या बताई, तो उन्होंने फौरन संबंधित अधिकारी से बात कर 12 वर्षीय दिव्यांग प्राची के यादव के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था कराई।
हितग्राही के परिजनों ने बताया कि प्राची पैदाइशी दिव्यांग है। वह न बोल सकती है, ना सुन सकती है। अपने कुछ भी काम करने में वह पूरी तरह अक्षम है। हाथ, पैर और शरीर के बाकी अंग पूरी तरह से निष्क्रिय हैं, जिसके चलते उसका कोई भी काम बिना किसी की मदद के संभव ही नहीं है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से मिली व्हील चेयर हमारी बच्ची के जीवन में नई उम्मीद लेकर आई है। इसके लिए हम छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। इस मौके पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोक्तिमा यादव कुरुद सीईओ जीआर यादव सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


